एकलव्य विद्यालय के बच्चों संग डॉ. वर्णिका ने मनाया प्रधानमंत्री का जन्मदिन.....
कवर्धा के पीवीजीटी क्षेत्र में बाल अधिकारों की गूंज, डॉ. वर्णिका शर्मा ने लगाई बाल चौपाल 2.0...
अव्यवस्थाओं पर कड़ी समीक्षा कर बाल सुलभ कार्यों को आयोग ने सराहा...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
कवर्धा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कवर्धा जिले का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दूरस्थ आदिवासी अंचल के बैगा समुदाय से लेकर जिला मुख्यालय तक बाल अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डॉ. शर्मा ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के बच्चे बेहद प्रतिभाशाली हैं; बस उन्हें सही अवसर और सुरक्षित वातावरण देने की जरूरत है।
अव्यवस्थाओं पर सख्त, तत्काल सुधार के निर्देश -
दौरे के दौरान डॉ. वर्णिका शर्मा ने आदिवासी बालक आश्रम बैरख और अन्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। वहां साफ-सफाई की कमी, भंडार गृह में गंदगी और शिक्षकों की कमी जैसी समस्याएं मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने मलेरिया से बचाव के लिए तत्काल नई मच्छरदानियां उपलब्ध कराने और स्कूलों में साइंस इक्विपमेंट की व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने शासकीय बालक गृह कवर्धा का भी दौरा किया, जहां बच्चों के साथ रात्रि भोजन किया और एक बच्चे का जन्मदिन मनाया।
'बाल चौपाल 2.0': बैरख के बच्चों ने बेझिझक रखी अपनी बात -
दूरस्थ तहसील बैरख में 'बाल चौपाल 2.0' का आयोजन किया गया। इसमें विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा) के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी झिझक छोड़कर डॉ. शर्मा के साथ अपने अनुभव साझा किए। क्विज और बाल अधिकारों पर आधारित 'सांप-सीढ़ी' जैसे रोचक खेलों के जरिए उन्हें 'गुड टच-बैड टच', चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल विवाह जैसे गंभीर विषयों पर जागरूक किया गया।
एकलव्य विद्यालय में मनाया प्रधानमंत्री का जन्मदिन -
एकलव्य आवासीय विद्यालय, तरेगांव में आयोग अध्यक्ष ने स्कूली बच्चों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया। बच्चों ने पीएम मोदी के संघर्षों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। डॉ. शर्मा ने बच्चों से उनके भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की और उन्हें तनावमुक्त रखने के लिए समय-समय पर काउंसलिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर सभागृह में अधिकारियों की ली क्लास -
दौरे के अंतिम चरण में डॉ. वर्णिका शर्मा ने जिला मुख्यालय के कलेक्टर सभागृह में सभी प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ कड़ी समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाल अधिकारों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही से काम लिया जाए।
बैठक के मुख्य निर्देश :-
स्कूलों में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति होने तक गणित, अंग्रेजी और विज्ञान के अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था हो।
बालश्रम अधिनियम और COTPA एक्ट के तहत लगातार निगरानी और अभियान चलाए जाएं।
स्वास्थ्य विभाग पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) एक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करे।
महिला बाल विकास और श्रम विभाग समन्वय बनाकर 'PMMVY' और 'मिनीमाता महतारी जतन योजना' का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाएं।





.jpg)








Comments