छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का असर: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:- रायपुर: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। चक्रवात का बचा हुआ हिस्सा अब दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा पर अवदाब (डिप्रेशन) के रूप में सक्रिय है। मौसम विभाग ने इस ताकतवर सिस्टम के कमजोर होकर कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) में बदलने की संभावना जताई है, जिससे बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। प्रदेश में गुरुवार को चक्रवात के असर से अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं एक-दो स्थानों पर जमकर बादल बरसे। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर सहित प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) हो सकता है। रायपुर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वर्षा के मुख्य आंकड़ों के अनुसार, सुकमा, कोंटा, नरहरपुर और पिथौरा में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।तोकापाल, दोरनापाल, बड़ेराजपुर, केशकाल, छिंदगढ़, कांकेर, कुकड़ेश्वर, बलरामपुर, नगरी, बसना, सरोना, कटेकल्याण, बेलरगांव, राजिम, कुसमी, धमतरी, अमलीपदर, प्रेमनगर, देवभोग,मैनपुर, फरसगांव, गादीरास और बागबाहरा में 5 से 6 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा माकड़ी, चारामा, सरायपाली, राजनांदगांव, पलारी, पेंड्रा रोड, मुकडेगा, करपावंड, लोहांडीगुड़ा, गुरुर, नानगुर, पथरिया, रायपुर, धनोरा, बलौदा,
अर्जुन्दा, हसौद, छुरा और गरियाबंद में 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुछ अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, अवदाब लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र जगदलपुर से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में था। अवदाब के आगे भी उत्तर दिशा में बढ़ने और 30 अक्टूबर की सुबह तक कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ व उससे लगे उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments