विभिन्न राज्यों से बसों के जरिए जुटाई जा रही भीड़, आदिवासी महिलाओं के दिल्ली जाने को लेकर उठे सवाल....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:- नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी द्वारा 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पार्टी अपनी ताकत दिखाने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बसें भरकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिल्ली बुला रही है। झारखंड की राजधानी रांची से 29 अक्टूबर को कांग्रेस समर्थकों और टाना भगत समुदाय के लोगों को लेकर 13 बसें दिल्ली के लिए रवाना हुईं। कांग्रेस नेता बंधु तिर्की और राज्य की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने इन बसों को हरी झंडी दिखाई। नेताओं का कहना है कि यह यात्रा लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर आयोजित महारैली में भागीदारी के लिए है।
कई राज्यों से बसों के जरिए दिल्ली पहुंच रहे कार्यकर्ता
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिल्ली पहुंचाने की तैयारियां की जा रही हैं। तेलंगाना कांग्रेस ने इस रैली के लिए 100 से अधिक विशेष स्लीपर बसों की व्यवस्था की है। पार्टी ने पहले विशेष ट्रेनों की मांग की थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद बसों का विकल्प अपनाया गया। वहीं, गुजरात के अहमदाबाद से भी 40 बसें मंगाए जाने की बात सामने आई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वे राज्य में कन्नड़ोत्सव में शामिल होने के कारण इस महारैली में शामिल नहीं हो पाएंगे।
महिलाओं को गुमराह कर दिल्ली लाने के आरोप
इस बीच, कई जगहों से यह खबरें भी सामने आ रही हैं कि भीड़ जुटाने के लिए गरीब और ग्रामीण तबके की महिलाओं, विशेषकर आदिवासी महिलाओं को एनजीओ के माध्यम से बिना पूरी जानकारी दिए लाया जा रहा है। कुछ महिलाओं का कहना है कि उन्हें दिल्ली जाने का स्पष्ट उद्देश्य नहीं पता था, तो कुछ को विश्व आदिवासी दिवस या अन्य कारणों का हवाला देकर रांची बुलाया गया और फिर बसों से दिल्ली भेजा गया। विपक्षी दलों और आलोचकों का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी पैसों और साधनों के दम पर भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखाने का प्रयास कर रही है।
क्या है रैली का मुख्य उद्देश्य?
कांग्रेस पार्टी के अनुसार, 1 नवंबर की यह महारैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), कथित चुनावी अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग से जुड़ी है। दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की अनुमति दे दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments