खिलौने-उपहार बेचने वालों को जैविक खाद सप्लाई का ठेका, खाद की खरीदी में करोड़ों की हेराफेरी....
- ANIS LALA DANI

- 1 day ago
- 2 min read

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी खजाने को लूटने के लिए घोटालों की नई-नई तरकीबें खोजी जा रही हैं। जैविक खाद खरीदी में सामने आया मामला भ्रष्टाचार की इंतहा है। जैविक खाद की खरीदी के लिए जेम पोर्टल पर टेंडर की कैटेगरी ही ऐसी बदल दी गई कि दिव्यांगजन, खिलौने बेचने वाले और उपहार सामग्री बेचने वालों को भी जैविक खाद सप्लाई के लिए पात्र बना दिया गया। जो व्यक्ति खिलौने और गिफ्ट बेचता है, वह जैविक खाद की आपूर्ति कैसे करेगा?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि बीज निगम में लगभग 470 रुपये में उपलब्ध खाद को जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदने में 10 करोड़ रुपये से अधिक की गड़बड़ी का आरोप सामने आया है। यह केवल पैसों की हेराफेरी का मामला नहीं, बल्कि किसानों के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट का गंभीर मामला है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि टेंडर की शर्तें किसके इशारे पर बदली गईं? खिलौने और गिफ्ट बेचने वालों को जैविक खाद सप्लाई के लिए पात्र किसने बनाया? बाजार में सस्ती उपलब्ध खाद को महंगे दाम पर खरीदने की जरूरत क्यों पड़ी? इन सवालों का जवाब भाजपा सरकार को देना होगा।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जैविक मिशन का उद्देश्य किसानों को जैविक खाद उपलब्ध कराना था, लेकिन सरकार में बैठे लोगों की नीयत में ही खोट हो तो किसान हित कैसे सुरक्षित रहेगा? किसानों के नाम पर योजना बनाई गई और फायदा चहेतों को पहुंचाने का खेल खेला गया।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनजंय सिंह ठाकुर ने कहा कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच हो। संदिग्ध टेंडर तत्काल रद्द किया जाए, सरकारी खजाने को हुए नुकसान की पूरी राशि वसूल की जाए और इस घोटाले के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।किसानों की योजनाओं पर भ्रष्टाचार और सरकारी खजाने की लूट भाजपा की नीति बन गई है।




.jpg)









