कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन पर कसा तंज
राहुल गांधी की दिल्ली में अराजकता की राजनीति को छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी नकारा, जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ |
पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से:-
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन पर तंज कस्ते हुए कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में आज जिस प्रकार की अराजकता फैलाने का प्रयास कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा किया जा रहा है, वह न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है बल्कि संवैधानिक संस्थाओं के अपमान के समान भी है। प्रधानमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन कर देश में भ्रम और असंतोष फैलाने की साजिश रची जा रही है, जिसे देश की जनता पूरी तरह नकार रही है।
दुर्भाग्य की बात यह है कि राहुल गांधी को अपनी ही पार्टी के नेताओं का समर्थन नहीं मिल रहा है, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की स्थिति इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राहुल गांधी की लोकभवन पहुंचकर प्रदर्शन करने की अपील को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया। वे अब तक बस्तर क्षेत्र में ही डटे हुए हैं और उन्होंने दिल्ली जाकर किसी भी प्रकार के अराजक आंदोलन में शामिल होने से इंकार कर दिया है।
कौशिक ने कहा कि इसी प्रकार छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी राहुल गांधी के इस कुचक्र से दूरी बना ली है। उन्होंने अब तक न तो कोई बयान जारी किया है और न ही असंवैधानिक प्रदर्शन का समर्थन किया है। जब कांग्रेस के अपने प्रदेश स्तरीय नेता ही राहुल गांधी की राजनीति से सहमत नहीं हैं, तो आम जनता से समर्थन की अपेक्षा करना पूरी तरह निर्मूल है। कांग्रेस की यह दोहरी राजनीति अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है। राजनीति में मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और सार्वजनिक मर्यादाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। लोकतांत्रिक पदों की गरिमा को आहत करने वाला कोई भी आचरण किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता। देश अपेक्षा करता है कि सार्वजनिक जीवन में आचरण भी उतना ही जिम्मेदार, संयमित और मर्यादित हो, जितनी बड़ी जिम्मेदारी उस पद के साथ जुड़ी होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। गरीब कल्याण, किसान सम्मान, महिला सशक्तिकरण और युवा रोजगार जैसी योजनाओं के कारण आम आदमी का विश्वास आज मोदी सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है। जनता जानती है कि देश को अराजकता नहीं, स्थायित्व चाहिए। देश को नारे नहीं, विकास चाहिए, उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता से अपील किया है कि वे कांग्रेस की भ्रामक राजनीति में न आएं।
लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, परंतु वह संवैधानिक दायरे में होना चाहिए। सड़क जाम करना, संस्थाओं को घेरना और देश का माहौल खराब करना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। आज छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक यही संदेश जा रहा है कि राहुल गांधी अकेले पड़ गए हैं, न उनके प्रदेश के अध्यक्ष साथ हैं, न वरिष्ठ नेता साथ हैं और न ही जनता साथ है। आम आदमी पूरी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है क्योंकि उसे विकास, सुरक्षा और सम्मान देने वाली सरकार पर भरोसा है ।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments