मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ने बदली ग्रामीणों की राह...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायपुर। वर्षों से अंधेरे के साये में जीने वाले सुकमा जिले के कोकावाड़ा (जांगड़पाल) गांव के दिन अब बदल चुके हैं। गांववालों की एक अकेली फोन कॉल ने इलाके की तस्वीर ही बदल दी है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज होने के मात्र सात दिनों के भीतर पुसपाल-चितलनार मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें जगमगा उठी हैं, जिससे करीब 450 की आबादी को बड़ी राहत मिली है।
छिंदगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले इस मार्ग पर रोशनी का कोई साधन न होने के कारण रात के वक्त आवाजाही करना किसी खतरे से खाली नहीं था। घना जंगल होने के कारण ग्रामीणों को हमेशा सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का भय सताता रहता था। रात के वक्त सफर करने के लिए लोगों को पूरी तरह टॉर्च या वाहनों की हेडलाइट्स पर निर्भर रहना पड़ता था। बच्चों, बुजुर्गों और आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती थी।
स्थानीय निवासी रितेश यादव ने इस कठिनाई को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर अपनी गुहार लगाई थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर काम शुरू किया। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में महज एक सप्ताह के भीतर इस रास्ते पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा कर लिया गया। अब दूधिया रोशनी से जगमगाती सड़क पर ग्रामीणों का रात का सफर सुरक्षित और आसान हो गया है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments