छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट का ऐतिहासिक आगाज, नवा रायपुर बना अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का नया गढ़...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायपुर : छत्तीसगढ़ की खेल फिजा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच खेली गई तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला ने प्रदेश को वैश्विक खेल मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिला दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है। श्रृंखला के तीसरे और अंतिम मुकाबले का लुत्फ उठाने पहुंचे मुख्यमंत्री ने मैदान पर दोनों देशों की महिला खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और उनके बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना की।
प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का बड़ा मंच
छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट सीरीज का आयोजन होना गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया भर में अपनी मेहनत और कौशल से मुकाम बनाने वाली ये महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बालिकाओं के लिए आदर्श हैं। जब स्थानीय बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर की एथलीटों को अपनी आंखों के सामने खेलते देखेंगी, तो खेल के मैदान में उतरने का उनका हौसला और मजबूत होगा।
महिलाओं के लिए स्टेडियम में नो-एंट्री फीस
इस महामुकाबले को लेकर महिलाओं और युवतियों में भारी उत्साह देखने को मिला। आयोजन के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया था। सरकार का यह कदम महिलाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से उठाया गया था।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से संवर रहा नवा रायपुर
नवा रायपुर अब सिर्फ एक प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि देश के उभरते हुए स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर सौंपने के बाद से यहां नियमित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के दरवाजे खुल गए हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और आईपीएल मुकाबलों की सफल मेजबानी कर चुका यह मैदान अब जिम्बाब्वे के खिलाफ महिला टी-20 श्रृंखला का गवाह बनकर क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर चुका है।
खेल आयोजनों से पर्यटन और रोजगार को रफ्तार
बड़े खेल मेलों का दायरा सिर्फ मैदान के भीतर तक सीमित नहीं रहता। ऐसे आयोजनों से होटल कारोबार, परिवहन, स्थानीय बाजार और पर्यटन उद्योग को सीधा फायदा मिलता है। जब बाहरी राज्यों और देशों से दर्शक तथा अधिकारी यहां पहुंचते हैं, तो आतिथ्य सत्कार से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के नए द्वार खुलते हैं और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को वैश्विक फलक पर नई पहचान मिलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य सरकार भी खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार आधुनिक संसाधन और मजबूत मंच मुहैया करा रही है। इस मौके पर क्रिकेट संघ के पदाधिकारी और हजारों की संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments