सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे छत्तीसगढ़ के सवा लाख घर: विधायक अनुज शर्मा बोले- अब उपभोक्ता नहीं, 'ऊर्जा दाता' बनने का समय...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
धरसींवा के सेवा सदन में 'सेवा सेतु अभियान' का समापन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धरसीवां विधायक अनुज शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण और उज्ज्वल भविष्य के लिए सोलर एनर्जी को सबसे सशक्त जरिया बताया। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि सरकारी सब्सिडी का पूरा फायदा उठाकर खुद को आत्मनिर्भर बनाएं और बिजली के मामले में केवल उपभोक्ता रहने के बजाय ऊर्जा का उत्पादन करने वाले 'ऊर्जा दाता' बनें।

पिछले एक महीने (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) तक चले इस अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य अभियंता अनीस कुमार लखेरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में अब तक 1.25 लाख से ज्यादा घरों की छतों पर सोलर प्लांट लग चुके हैं। इस पहल की बदौलत बड़ी संख्या में परिवारों को हर महीने 'जीरो इलेक्ट्रिसिटी बिल' का बड़ा आर्थिक लाभ मिल रहा है।

समारोह के दौरान जिला पंचायत सदस्य सविता चंद्राकर और कई अन्य लाभुकों ने अपने विचार रखे। लोगों ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने के बाद से उनका बिजली का खर्च या तो पूरी तरह शून्य हो गया है या फिर न के बराबर रह गया है, जिससे घरेलू बजट संभालना काफी आसान हो गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद पंचायत धरसीवां के उपाध्यक्ष दिनेश खूंटे ने बिजली विभाग के मैदानी कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पित प्रयासों से ही आम जनता तक इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाया है। इस अवसर पर पूजा वर्मा, साहिल खान, संजीव सिंह, श्रीमुरारी हरि, महावीर विश्वकर्मा, धनंजय वर्मा, आकाश श्रीवास्तव सहित तमाम स्थानीय ग्रामीण और बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments