पॉलीथिन रूपी रावण का दहन, ग्रीन आर्मी ने दिया स्वच्छता का संदेश...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
रायपुर: राजधानी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए ग्रीन आर्मी ने लगातार नौवें साल 'पॉलीथिन रूपी रावण' का दहन किया। इस अवसर पर जन-जागरूकता रैली निकालकर आम जनता को प्लास्टिक त्यागने और प्रकृति को बचाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्राह्मणपारा चौक स्थित दुर्गा पंडाल में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। यहाँ से निकली जन-जागरूकता रैली बैस गली हनुमान मंदिर होते हुए ऐतिहासिक कंकाली तालाब पहुँची। प्रतिभागियों ने कंकाली माता के दर्शन किए और विजयादशमी पर साल में केवल एक बार खुलने वाले ऐतिहासिक देवी शस्त्रागार में शस्त्रों के दर्शन का लाभ उठाया। इसके उपरांत रैली सुहागा मंदिर मार्ग से होते हुए आजाद चौक पहुँची, जहाँ प्रतीकात्मक रूप से पॉलीथिन से बने रावण के पुतले का दहन किया गया।
रैली के दौरान हाथों में पॉलीथिन निषेध के नारे लिखी तख्तियाँ और प्लास्टिक से तैयार किया गया रावण का पुतला आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा। संस्था के सदस्यों ने नागरिकों से अपील की कि वे प्लास्टिक कचरे से मुक्ति के लिए कपड़े और कागज की थैलियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
आयोजन में ब्राह्मणपारा वार्ड के पार्षद अजय साहू प्रमुख रूप से शामिल हुए।
संस्था के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे ने स्पष्ट किया कि इस प्रतीकात्मक दहन का एकमात्र लक्ष्य समाज को प्लास्टिक के घातक परिणामों के प्रति सचेत करना और प्रकृति के हित में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा ने कहा कि पॉलीथिन बेजुबान पशुओं और पर्यावरण दोनों के लिए जानलेवा साबित हो रही है, इसलिए हर व्यक्ति को इसका पूरी तरह बहिष्कार करना चाहिए।
प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने जोर देकर कहा कि प्रकृति को स्वच्छ और सुरक्षित रखना किसी एक दिन का काम नहीं, बल्कि हम सबकी दैनिक जिम्मेदारी है। यह अभियान तभी सार्थक होगा जब हर नागरिक अपनी जीवनशैली में बदलाव लाएगा।
ग्रीन आर्मी पूरे प्रदेश में नियमित पौधरोपण और स्वच्छता अभियान चलाकर आमजन को पर्यावरण के प्रति सजग करने का कार्य कर रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)








Comments