बिलासपुर: कांग्रेस भवन में घुसीं भाजपा नेत्रियां, छात्राओं से यौन दुर्व्यवहार के विरोध में हुआ जबरदस्त हंगामा....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
बिलासपुर में छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी नेत्रियां पुलिस सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे कांग्रेस भवन के अंदर जा पहुंचीं, जिससे वहां भारी हंगामा हुआ। कांग्रेस ने इस घटना को पार्टी कार्यालय पर हमला और तोड़फोड़ करार दिया है।
पुलिस बैरिकेडिंग लांघकर अंदर घुसीं कार्यकर्ता -
सोमवार को आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस भवन से कुछ दूरी पर ही बैरिकेड लगाकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया था। हालांकि, मौके पर पुलिस बल कम होने के कारण महिलाओं का हुजूम रोकने में नाकामी हाथ लगी। नारेबाजी करती हुई भाजपा नेत्री और कार्यकर्ता बैरिकेड्स हटाते हुए कांग्रेस दफ्तर तक पहुंच गईं और भीतर घुसकर उग्र प्रदर्शन किया।
निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग -
इस संयुक्त प्रदर्शन में बिलासपुर शहर और ग्रामीण इकाई की कई प्रमुख नेत्री शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के मामलों की पारदर्शी जांच की मांग उठाई। इस दौरान वक्ताओं ने जोर दिया कि बालिकाओं की सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
कांग्रेस ने जताया कड़ा विरोध -
घटना के बाद कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने पार्टी कार्यालय में जबरन घुसने और तोड़फोड़ करने के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि महिला सम्मान जैसे गंभीर मुद्दे की आड़ में किसी राजनीतिक दल के दफ्तर में घुसकर व्यवधान डालना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पूरी तरह खिलाफ है। पार्टी ने घटना में शामिल प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों की भूमिका की जांच कर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाती है, तो पार्टी की ओर से मंत्रियों और विधायकों के आवासों के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments