बिलासपुर: अमूल, गोवर्धन समेत कई ब्रांडेड घी व पनीर के सैंपल लैब टेस्ट में फेल...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
बिलासपुर: शहर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। करीब एक महीने पहले विभिन्न प्रतिष्ठानों से जुटाए गए खाद्य पदार्थों के नमूने रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में अमानक पाए गए हैं। इनमें नामी कंपनियों के घी, पनीर, दही, पोहा और पके हुए खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, शौर्य सुपर मार्ट से लिए गए अमूल और गोवर्धन घी के साथ-साथ देवरीखुर्द के अपना मार्ट से लिया गया वचन घी मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसके अलावा नेशनल डेयरी, एलिमेंटो कैफे, अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेज और सेलेस्टी रेस्टोरेंट का पनीर तथा अल-कार्टे का पनीर व दही भी परीक्षण में फेल पाया गया। वहीं रिलायंस रिटेल (भाटापारा) से संग्रहित चना व लाल किला पोहा और गरिमा फैमिली ढाबा की एग करी की गुणवत्ता भी निर्धारित मापदंडों के विपरीत मिली।
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य विभाग ने बाजार में निगरानी और तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.आर. देवांगन के निर्देश पर टीम ने शहर के कई मिष्ठान भंडारों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खिरसागर पटेल और प्रतीक तिवारी की मौजूदगी में बस स्टैंड स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा, जूना बिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कुंदा व बेसन लड्डू और बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली के नमूने जब्त किए गए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि एकत्रित सभी नए नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट में मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments