स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में बड़ी छलांग : केंद्र की 'प्रगति-50' योजना में चमके छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़: -
रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख शहरों—राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर - ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुरू की गई अति-महत्वाकांक्षी 'प्रगति-50' (PRAGATI-50) योजना के तहत देश के 50 चुनिंदा शहरों में इन दोनों नगर निगमों को शामिल किया गया है। इसका सीधा फायदा शहरों की स्वच्छता प्रणाली और नागरिक सुविधाओं के हाई-टेक विकास के रूप में देखने को मिलेगा। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का विधिवत शुभारंभ किया।
इस वर्चुअल लॉन्च कार्यक्रम में दिल्ली से केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव से छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव जुड़े। इस गौरवशाली उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव ने दोनों शहरों के निवासियों, नगर निगम कर्मियों और स्वच्छता मित्रों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में रायपुर की महापौर मीनल चौबे और बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी के साथ-साथ दोनों निगमों के आयुक्त भी ऑनलाइन मौजूद रहे।
क्या है 'प्रगति-50' योजना?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई 51वीं 'प्रगति' बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद इस विशेष पहल की रूपरेखा तैयार की गई है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत शुरू की गई इस योजना का मकसद देश के 50 प्रमुख शहरों को स्वच्छता और बुनियादी ढांचे में मॉडल बनाना है। चयनित शहरों को केंद्र सरकार की ओर से विशेष तकनीकी मदद, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और कड़ी निगरानी की सुविधा मिलेगी।
इन अहम मापदंडों पर होगा सबसे ज्यादा काम:
कचरा प्रबंधन: घर-घर से शत-प्रतिशत कचरा उठाना और उसका वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण एवं निपटारा करना।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक मजबूत और लंबे समय तक टिकाऊ बनाना।
जल संरक्षण एवं रीसाइकिल: उपयोग किए जा चुके पानी (गंदे जल) का आधुनिक तरीके से उपचार (ट्रीटमेंट) कर उसे दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाना।
सार्वजनिक स्वच्छता और जनभागीदारी: पब्लिक टॉयलेट्स और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई के साथ-साथ स्वच्छता अभियानों में आम नागरिकों, संस्थाओं और नेताओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करना।
प्रदेश के अन्य निकायों के लिए बनेंगे रोल मॉडल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव के नेतृत्व में नगरीय प्रशासन विभाग लगातार स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रहा है। 'प्रगति-50' में इन दो शहरों का चुना जाना राज्य सरकार की इन्हीं कोशिशों और स्वच्छता दीदियों की कड़ी मेहनत का नतीजा माना जा रहा है। अब रायपुर और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर के मानकों पर अपनी कार्यप्रणाली सुधारने का सीधा अवसर मिलेगा। आने वाले समय में इन दोनों शहरों के सफल अनुभव और नए प्रयोग (नवाचार) छत्तीसगढ़ के बाकी नगर निगमों और पालिकाओं के लिए एक बेहतरीन रोल मॉडल का काम करेंगे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments