भाटागांव बाजार निर्धारित स्थल पर शिफ्ट, मुख्य मार्ग अतिक्रमण मुक्त; बाजार परिसर में नो-व्हीकल जोन लागू...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर। शहर में सुव्यवस्थित यातायात एवं बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा भाटागांव बाजार को निर्धारित स्थल पर व्यवस्थित रूप से शिफ्ट कराया गया है।
आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम बाजार विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा और नगर निगम जोन 6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव की उपस्थिति में टीम प्रहरी एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र के मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया तथा सड़क पर अव्यवस्थित रूप से बैठने वाले विक्रेताओं को निर्धारित स्थल पर शिफ्ट किया गया।
बाजार परिसर बना 'नो-व्हीकल जोन' -
बाजार के भीतर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पूरे बाजार परिसर को “नो-व्हीकल जोन” घोषित किया गया है। विक्रेताओं एवं सब्जी खरीदने आने वाले ग्राहकों, दोनों के लिए बाजार के भीतर वाहन लेकर जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी से निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की अपील की गई है। इस व्यवस्था की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, थोक सब्जी विक्रेताओं के वाहनों के लिए बाजार परिसर में स्थान चिन्हित किए गए हैं, ताकि वाहनों की अनियमित पार्किंग से बाजार एवं मुख्य मार्ग का यातायात बाधित न हो।
अवैध संरचनाओं पर चला डंडा, आवंटन निरस्त करने की चेतावनी -
नगर निगम की टाउन प्लानिंग टीम ने भी कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग पर अवैध संरचना बनाकर अपनी दुकानों को आगे बढ़ाने वाले व्यवसायियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए और ऐसी संरचनाओं को हटाया। निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक मार्ग एवं निर्धारित सीमाओं पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नगर निगम ने बाजार के प्रत्येक व्यवसायी और विक्रेता के लिए स्थान निर्धारित कर दिया है। सभी को निर्देशित किया गया है कि वे केवल अपने आवंटित स्थल पर ही व्यवसाय करें। अन्य स्थान पर बैठकर बाजार की व्यवस्था प्रभावित करने वालों का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।
शासकीय कार्य में बाधा डालने पर वैधानिक कार्रवाई -
इस अभियान के दौरान शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द कर थाने भेजा गया। नगर निगम ने सख्त चेतावनी दी है कि बाजार में अव्यवस्था फैलाने, अतिक्रमण करने अथवा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर नगर पालिक निगम का मुख्य उद्देश्य भाटागांव बाजार को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाते हुए विक्रेताओं और आम नागरिकों दोनों के लिए बेहतर बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करना है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments