दिवाली से पहले मिठाइयों की जांच में खुली पोल, साहू होटल पर गिरी गाज...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
खैरागढ़ :- दीपावली के ठीक पहले छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और लापरवाही के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नवागांव चंडी मंदिर क्षेत्र स्थित एक होटल में छापेमारी के दौरान भारी अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने सख्त कदम उठाया है। आवश्यक सुधार होने तक होटल को बंद करा दिया गया है। दीपावली से पहले विभाग ने मिठाई कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नवागांव चंडी मंदिर क्षेत्र स्थित मेसर्स साहू होटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां साफ-सफाई की भारी कमी और बासी खाद्य सामग्री के भंडारण व विक्रय की बात सामने आई। फ्रीजर बंद मिलने और मिठाइयों के खराब होने की आशंका के चलते विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 5 किलो जलेबी नष्ट करवा दी। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी और फिर विभागीय टीम ने होटल से मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने भी जांच के लिए भेजे।
साथ ही आवश्यक सुधार होने तक होटल को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। होटल संचालक को खाद्य लाइसेंस और पंजीयन अद्यतन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। दीपावली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले सामने आई इन खामियों ने खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और मिठाइयों के सुरक्षित भंडारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ग्राहकों को बेची जाने वाली मिठाइयों को किस स्थिति में रखा जा रहा था? खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सामने आई कमियों के बाद अब निगाहें नमूनों की जांच रिपोर्ट और होटल में सुधार की स्थिति पर रहेंगी।
यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन और सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला व अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय के मार्गदर्शन में की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने लोगों से अपील की है कि त्योहारी सीजन में मिठाई खरीदते समय उसकी ताजगी, गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments