राजिम में पर्यावरण संरक्षण और शोध पर आधारित नई पुस्तक का हुआ विमोचन, उच्च शिक्षा मंत्री ने की सराहना....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायपुर: छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में अकादमिक उत्कृष्टता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। गरियाबंद जिले के शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम के प्राध्यापकों द्वारा तैयार की गई ज्ञानवर्धक पुस्तक ‘एनवायर्नमेंटल मैनेजमेंट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ का आज विधिवत विमोचन किया गया। इस पुस्तक का विमोचन राजस्व और उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने किया।
इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और अकादमिक अध्ययन का यह अनूठा संगम वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों को न केवल वैचारिक रूप से मजबूत बनाती है, बल्कि उन्हें प्रकृति के प्रति जवाबदेह नागरिक भी तैयार करती है।
संपादक मंडल के अथक प्रयासों से तैयार हुआ ग्रंथ -
इस महत्वपूर्ण और शोधपरक पुस्तक का संपादन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर, रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. देवेन्द्र कुमार और वनस्पति शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. सर्वेश कौशिक पटेल के संयुक्त निर्देशन व मार्गदर्शन में किया गया है। मंत्री वर्मा ने पुस्तक के सफल प्रकाशन पर पूरी संपादक टीम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सतत विकास और जन-जागृति में साबित होगी मददगार -
मंत्री वर्मा ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा जगत में शोध, मौलिक लेखन और पर्यावरण जैसे वैश्विक विषय पर यह कार्य बेहद सराहनीय है। यह पुस्तक न केवल शोधार्थियों और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेगी, बल्कि प्रदेशभर में सतत विकास के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में भी मील का पत्थर साबित होगी। महाविद्यालय के प्राध्यापकों का यह नवोन्मेषी प्रयास पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
वर्तमान वैश्विक चुनौतियों का समाधान तलाशती है पुस्तक -
आज के दौर में जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और पर्यावरण असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियां सामने हैं। यह पुस्तक इन्हीं विषयों पर वैज्ञानिक एवं सामाजिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है। इसमें शामिल शोध-पत्र उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और विषय विशेषज्ञों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments