सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बसना में जीवन दीप समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दिए आवश्यक दिशा - निर्देश.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह क़लम से :-
बसना। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जीवन दीप समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस विशेष बैठक की अध्यक्षता बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने की, जहां उन्होंने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने अस्पताल प्रबंधन और समिति के सदस्यों के साथ एक-एक बिंदु पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था, दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों के रखरखाव और डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति का गहराई से जायजा लिया।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए उन्होंने कई अहम निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट किया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर इलाज के साथ-साथ सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए और इस बात पर जोर दिया कि शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं, निःशुल्क दवाओं और पैथोलॉजी जांच का लाभ आम जनता तक बिना किसी रुकावट के पहुंचे। अस्पताल परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ वातावरण मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ पर बेहद सकारात्मक प्रभाव डालता है।
बैठक के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने समिति के माध्यम से अस्पताल के विकास, नए चिकित्सीय संसाधनों की क्रय-प्रक्रिया और आवश्यक मरम्मत कार्यों के प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने आश्वस्त किया कि बसना क्षेत्र की जनता को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए फंड या संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
इस बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष बसना शीत गुप्ता, एसडीएम बसना हरिशंकर पैकरा, सीईओ बसना पीयूष सिंह ठाकुर, बीएमओ बसना नारायण साहू, जनपद पंचायत सभापति मधु खुंटे व प्रकाश सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि गिरधारी डड़सेना, जिला मीडिया प्रभारी आर्थिक प्रकोष्ठ विजय पटेल, विद्युत विभाग से देवेश सिंह, पीएचई विभाग से महेंद्र ध्रुव, नोडल राजेंद्र पटेल, भाजपा मीडिया प्रभारी सुखदेव दास वैष्णव, बीपीएम ब्लॉक बसना ढोलचंद नायक, प्रेम खूंटे, ओटी टेक्नीशियन गुड्डू बेहरा सहित जीवन दीप समिति के नामांकित सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments