बिलासपुर के अटल आवास में भड़की भीषण आग: खिड़कियों से कूदे लोग...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
बिलासपुर: शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित अटल आवास में रविवार देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मुक्तिधाम के पास बनी इस बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर भड़की लपटों और चारों तरफ फैले घने धुएं ने कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त घरों में बड़ी संख्या में परिवार, बुजुर्ग और बच्चे मौजूद थे। जान बचाने की हड़बड़ाहट में पहली और दूसरी मंजिल से नीचे कूदने के चलते एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए भेजा गया है। राहत की बात यह रही कि समय रहते किए गए प्रयासों से किसी की जान नहीं गई।
हादसे की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर से हुई, जहां खड़ी करीब 6 दोपहिया गाड़ियां लपटों की भेंट चढ़ गईं। धुआं सीढ़ियों और गलियारों में भर जाने के कारण ऊपर की मंजिलों में रह रहे लोगों का नीचे उतरने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इमारत के भीतर 75 से अधिक लोग फंस गए थे। हालात बिगड़ते देख स्थानीय नागरिकों ने हिम्मत दिखाई और साड़ियों, चादरों व रस्सियों की मदद से खिड़कियों और छतों के जरिए महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारना शुरू किया।
सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और बचे हुए लोगों को बाहर निकाला।
प्राथमिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और नुकसान के साथ-साथ आग लगने के असल कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments