प्रैक्टिकल के नाम पर नर्सिंग छात्रों से अवैध वसूली का आरोप, जनता कांग्रेस ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन....
शुक्रवार को कॉलेज प्रबंधन को दी थी चेतावनी, आज कुलपति से मिलकर की तत्काल जांच, कार्रवाई और विद्यार्थियों के पैसे वापस कराने की मांग.....
विश्वविद्यालय के आदेश की अवहेलना कर छात्रों से अतिरिक्त शुल्क मांगने की शिकायत, निलेश चौहान बोले—विद्यार्थियों का आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं होगा.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर: सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रायपुर में बी.एससी. नर्सिंग के विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल परीक्षा (Practical Examination) के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के तूल पकड़ने के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने इसे पूरी गंभीरता से उठाते हुए कड़ा रुख अपनाया है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने पहले शुक्रवार को स्वयं कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की थी और कॉलेज प्रबंधन को इस प्रकार की अवैध वसूली तत्काल बंद करने की कड़ी चेतावनी दी थी। इसके अगले क्रम में, आज उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति से भेंट कर पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी और त्वरित जांच व कार्रवाई की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
निलेश चौहान ने बताया कि शुक्रवार को कॉलेज निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने शिकायत की थी कि उनसे प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर एक विषय के लिए 1,000 रुपये तथा दूसरे विषय के लिए 1,500 रुपये तक की अतिरिक्त राशि अवैध रूप से मांगी जा रही है। छात्रों की पीड़ा सुनने के बाद उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से चर्चा कर स्पष्ट किया था कि विश्वविद्यालय के निर्धारित शुल्क के अलावा किसी भी अन्य राशि की मांग करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि विद्यार्थियों पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक आर्थिक दबाव न बनाया जाए।
विश्वविद्यालय के आदेश का खुला उल्लंघन
आज कुलपति को सौंपे गए ज्ञापन में निलेश चौहान ने विश्वविद्यालय के आदेश क्रमांक 52/D.U.H.S./गोप./2026 (दिनांक 28 जनवरी 2026) का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस आदेश के तहत विश्वविद्यालय द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाओं के नाम पर विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा, और सभी संबद्ध महाविद्यालयों को इसका कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।
जनता कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
निष्पक्ष जांच: सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में हो रही इस अतिरिक्त वसूली के पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए।
राशि वापसी: विद्यार्थियों से अब तक वसूली गई अतिरिक्त राशि उन्हें वापस लौटाई जाए।
रोक: जांच पूरी होने तक प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर किसी भी तरह की अतिरिक्त शुल्क वसूली पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
कठोर कार्रवाई: यदि जांच में विश्वविद्यालय के आदेशों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित कॉलेज प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
निलेश चौहान ने दो टूक शब्दों में कहा कि नर्सिंग के विद्यार्थी अपने भविष्य को संवारने के लिए कड़ा परिश्रम कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा और प्रैक्टिकल के नाम पर उनका आर्थिक शोषण किया जाना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केवल निर्देश जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि जमीनी स्तर पर इन आदेशों का कड़ाई से पालन हो। जनता कांग्रेस विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से युवा प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल, अभय सिंह, सत्यम डोंगरे, योगेन्द्र देवांगन, मो. नजीब, और नवेद कुरैशी सहित जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments