नौगई हत्याकांड के बाद: खनिज विभाग ने चिरमी घाट से 5 वाहन जब्त...
- ANIS LALA DANI

- 3 hours ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
बैकुंठपुर :- कोरिया जिले के नौगई गांव में रेत निकालने को लेकर भी भाजपा नेताओं के बीच हुआ था विवाद, हत्याकांड के बाद से खनिज विभाग लगातार कर रहा कार्रवाई | कोरिया जिले के नौगई में रेत के अवैध खनन और परिवहन को लेकर भाजपा नेताओं के दो गुट के बीच खूनी खेल हुआ था। इसमें त्रिपाठी गुट के लोगों ने 16 जून की रात ग्राम नौगई में सिंह परिवार 3 लोगों की कार में जलाकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड के बाद से खनिज विभाग की राज्य उडऩदस्ता टीम द्वारा रेत घाटों पर छापामार कार्रवाई करते हुए ड्रोन से निगरानी शुरु की गई थी। इसी बीच खनिज विभाग ने चिरमी घाट पर रेत का अवैध खनन व परिवहन करते 5 वाहनों को पकड़ा है। इनमें 2 ट्रैक्टर व 3 टीपर वाहन शामिल हैं। हत्याकांड के बाद खनिज विभाग की सक्रियता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि पूर्व में विभाग के अधिकारी कहां नदारद थे, जब लगातार रेत का अवैध खनन व परिवहन हो रहा था |
दरअसल त्रिपाठी गुट व सिंह गुट द्वारा चिरमी घाट से भी रेत का अवैध खनन व परिवहन किया जा रहा था। ट्रिपल मर्डर के बाद कुछ दिन तक तो चिरमी घाट से रेत का खनन-परिवहन बंद रहा, लेकिन फिर से यहां माफिया सक्रिय हो गए हैं। खनिज विभाग की टीम को ग्रामीणों से शिकायत मिली थी कि चिरमी घाट से ट्रैक्टर व टीपर के माध्यम से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही खनिज विभाग की टीम चिरमी घाट पहुंची और अवैध रूप से खनन व परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर व 3 टीपर वाहन जब्त किए। खनिज विभाग द्वारा रेत लोड वाहनों को संबंधित थाने को सुपुर्द किया गया है।
खनिज विभाग का कहना है कि चिरमी घाट से रेत के अवैध खनन व परिवहन को लेकर लगातार शिकायत मिल रही थी। इसी बीच छापामार कार्रवाई की गई, इसमें 5 वाहन पकड़े गए। सभी वाहन मालिकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है, वहीं उन पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
खनिज विभाग की सक्रियता :-
पूर्व में भी कोरिया व एमसीबी जिले की नदियों से लगातार रेत माफियाओं द्वारा रेत का अवैध खनन व परिवहन किया जा रहा था। इस दौरान शिकायत के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं की जाती थी। जब से नौगई गांव में भाजपा नेता समेत 3 लोगों की हत्या हुई है, तब से खनिज विभाग सक्रिय नजर आ रहा है। वह लगतार रेत का अवैध खनन व परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। यदि पूर्व में यह साहस विभाग द्वारा दिखाया जाता तो संभवत: इतनी बड़ी घटना नहीं होती।




.jpg)







