इंस्टाग्राम दोस्ती टूटी तो सिरफिरे ने दी एसिड अटैक की धमकी....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर दोस्ती करना एक कॉलेज छात्रा को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम के जरिए हुई जान-पहचान जब एकतरफा जिद और धमकियों में बदली, तो पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। आरोपी ने बातचीत बंद करने पर युवती का अपहरण करने और तेजाब फेंकने की धमकी दी थी। तारबाहर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से विजय चौधरी उर्फ बॉबी नामक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों संपर्क में आए। कुछ समय बीतने के बाद छात्रा को इस बात की भनक लगी कि युवक का कथित आपराधिक इतिहास रहा है। यह सच्चाई सामने आते ही युवती ने उससे सारे रिश्ते तोड़ लिए और बात करना पूरी तरह बंद कर दिया।
खुद से दूरी बनाए जाने से बौखलाए आरोपी ने युवती पर दोबारा संपर्क करने का दबाव बनाया। बात न मानने पर उसने छात्रा को जान से मारने, अपहरण करने और चेहरे पर एसिड फेंकने की खुली धमकियां देनी शुरू कर दीं। लगातार मिल रही इन डरावनी चेतावनियों से दहशत में आई पीड़िता ने बिना देर किए तारबाहर थाने में पहुंचकर आपबीती सुनाई।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय चौधरी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर वर्चुअल दुनिया में अजनबियों पर भरोसा करने और ऑनलाइन सतर्कता बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments