प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सरकारी खर्चे से दीप जलाने पर भड़की AAP, अज़ीम खान ने पूछे तीखे सवाल....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
रायपुर: प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर रायपुर नगर निगम द्वारा दीप प्रज्वलन के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीति गरमा गई है।
आम आदमी पार्टी (AAP) ने सरकारी खर्च पर हो रहे इस आयोजन और इसमें शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। AAP के रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अज़ीम खान ने नगर निगम से पूछा है कि जनता के टैक्स के पैसे से यह प्रचार क्यों किया जा रहा है?
अज़ीम खान ने नगर निगम से जवाब मांगते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के लिए दीप और तेल की खरीदी में कितना सरकारी पैसा खर्च किया जा रहा है और यह बजट किस मद से निकाला जा रहा है, इसे तुरंत सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश का किसान 'एग्रीस्टेक' में नाम कटने के डर से परेशान है और आम जनता महंगाई, बेरोजगारी तथा बढ़ते बिजली बिलों की मार झेल रही है। ऐसे समय में सरकारी संसाधनों का उपयोग जनता की समस्याओं को सुलझाने के बजाय जन्मदिन के आयोजनों में किया जा रहा है।
इस आयोजन में सरकारी शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने पर भी AAP नेता ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का मूल कार्य बच्चों का भविष्य संवारना और उन्हें शिक्षा देना है। किसी भी राजनीतिक या प्रचारात्मक आयोजन में शिक्षकों की ड्यूटी लगाना अनुचित है। इससे बच्चों की पढ़ाई सीधे तौर पर प्रभावित होगी और शिक्षा के गिरते स्तर के लिए सरकार को ही जिम्मेदारी लेनी होगी।
अज़ीम खान ने स्पष्ट किया, “हम प्रधानमंत्री जैसे गरिमामयी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की व्यक्तिगत निंदा नहीं कर रहे हैं, लेकिन जनता की गाढ़ी कमाई और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर सवाल उठाना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है।”
आम आदमी पार्टी ने रायपुर नगर निगम से मांग की है कि दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का कुल बजट, सामग्री खरीदी का खर्च और शिक्षकों की ड्यूटी लगाने का सरकारी आदेश सार्वजनिक किया जाए, ताकि जनता यह जान सके कि उसके टैक्स का पैसा कहां और कैसे खर्च हो रहा है।





.jpg)








Comments