‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम में दिखी विकसित भारत की झलक: उप मुख्यमंत्री अरुण साव.....

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से :-
लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज लोरमी के मानस मंच में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित विकासखंड स्तरीय ‘सेवा का रंग’ रंगोली कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कलाकारों और विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों की जमकर सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं से चर्चा कर उनके द्वारा बनाई गई रंगोलियों के विषय, उद्देश्य और संदेश की विस्तार से जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने जल संरक्षण, विकसित भारत, नारी सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया और स्वच्छ भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया है। अरुण साव ने छात्राओं की रचनात्मकता और उनके उत्साह की काफी प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि रंगोली के माध्यम से सेवा के भाव और विकसित भारत की कल्पना को बेहद सुंदर तरीके से अभिव्यक्त किया गया है। इस अवसर पर कोटा के रंगोली कलाकार रवि पैकरा ने करीब पौने दो क्विंटल सामग्री का उपयोग कर 'विकसित भारत' की एक भव्य रंगोली तैयार की, जो विकसित भारत के संकल्प को आकर्षक रूप में प्रस्तुत करती है।
कार्यक्रम में आठ अलग-अलग विद्यालयों की छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर रंगोलियां बनाईं। जल संरक्षण से लेकर डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत और नारी सशक्तिकरण तक, सेवा के विभिन्न रंगों को इन रंगोलियों के माध्यम से जीवंत किया गया।
अरुण साव ने बताया कि 'सेवा संकल्प अभियान' का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत की कल्पना को जन-जन तक पहुंचाना है। हर व्यक्ति यह समझे कि विकसित भारत क्या है और इसके निर्माण में उनकी क्या भूमिका हो सकती है, लोग इस विचार से जुड़ें। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और जनकल्याण के संदेश को आम जनमानस तक पहुंचाना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments