सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराने वाला 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार....
- ANIS LALA DANI

- 2 days ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
बिलासपुर: शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने एक युवक को बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर आम लोगों और अपने परिवार के सदस्यों को डराने-धमकाने का काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है।
इसी दौरान शनिवार को पुलिस टीम टाउन भ्रमण और गश्त पर थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मी चौक चिंगराजपारा में एक युवक हाथ में तेज धारदार बटनदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहन कोसले (18 वर्ष), पिता रतन लाल कोसले, निवासी गुरुघासीदास चौक चिंगराजपारा, थाना सरकंडा, बिलासपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्टील का बटनदार चाकू बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास चाकू रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय पैदा करने के मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1294/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय बिलासपुर के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने वाले और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।




.jpg)










