आस्था और हौसले की मिसाल बनी 15 वर्षीय खुशी, 61 लीटर गंगाजल लेकर पहुंची घर.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ -
गाजियाबाद। सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच मोदीनगर की रहने वाली 15 वर्षीय खुशी चौधरी ने अपनी आस्था और हौसले से लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। खुशी हरिद्वार से करीब 61 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर मोदीनगर पहुंची।
खुशी के मोदीनगर पहुंचते ही दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित मोदी मंदिर के पास स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर उसका जोरदार स्वागत किया। कम उम्र में इतनी बड़ी कांवड़ यात्रा पूरी करने पर लोगों ने खुशी के साहस और भगवान शिव के प्रति उसकी श्रद्धा की सराहना की।
61 लीटर गंगाजल लेकर पहुंची खुशी
खुशी चौधरी मोदीनगर क्षेत्र के गांव अबूपुर की रहने वाली है। वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकली थी। रविवार दोपहर जब वह मोदीनगर पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग उसके स्वागत के लिए जुट गए।
किसानों ने भेंट की स्कूटी
खुशी के इस हौसले को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने उसे सम्मानित किया। संगठन की ओर से खुशी को उपहार के रूप में स्कूटी भेंट की गई। स्कूटी मिलने पर खुशी के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
“श्रद्धा के सामने उम्र मायने नहीं रखती”
इस अवसर पर भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने खुशी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में 61 लीटर गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पूरी करना उसके मजबूत संकल्प और आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और हौसले के सामने उम्र की सीमा मायने नहीं रखती। खुशी की कांवड़ यात्रा और उसके सम्मान का यह दृश्य इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे भी इसी तरह आत्मविश्वास और साहस के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments