छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को मिला उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा सम्मान...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ की कला और रंगमंच को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रदेश के प्रतिष्ठित रंगकर्मी डॉ. आनंद कुमार पांडेय और नाटककार घनश्याम साहू को वर्ष 2025 के लिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से नवाजा गया है। 19 अक्टूबर को केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दोनों हस्तियों को यह सम्मान प्रदान किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस राष्ट्रीय सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया है।
राष्ट्रीय मंच पर चमकी छत्तीसगढ़ी रंगकला -
संगीत नाटक अकादमी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश के कुल 106 युवा कलाकारों को उनकी कलात्मक साधना के लिए चुना गया था। सम्मानित होने वाले डॉ. आनंद कुमार पांडेय अभिनय, निर्देशन और लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हैं, जबकि घनश्याम साहू ने नाटक लेखन के जरिए अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस राष्ट्रीय पहचान से राज्य के अन्य उभरते कलाकारों में भी नए अवसर और आगे बढ़ने का उत्साह जागा है।
कला और संस्कृति से ही बनेगा विकसित भारत -
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि केवल आधुनिक बुनियादी ढांचे या सड़कों के निर्माण से ही विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसके लिए देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने वाले सभी कलाकारों के योगदान की खुलकर सराहना की।
सम्मान के साथ मिलता है ताम्रपत्र और नकद राशि -
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार की शुरुआत संगीत नाटक अकादमी द्वारा वर्ष 2006 में की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य 40 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभावान कलाकारों को प्रोत्साहन देना है। इस श्रेणी के तहत विजेताओं को 25 हजार रुपये नकद, एक ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम भेंट किया जाता है। अकादमी की जनरल काउंसिल ने इस वर्ष 2024 और 2025 के सत्र के लिए देश भर के चुनिंदा 106 कलाकारों के नामों पर मुहर लगाई थी, जिसमें छत्तीसगढ़ के इन दोनों कलाकारों ने राज्य का मान बढ़ाया है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments