दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, मौत...
- ANIS LALA DANI

- 34 minutes ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
कोरबा :- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेलते-खेलते एक 3 साल का मासूम बच्चा घर के पास स्थित कुएं में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मासूम की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। यह दर्दनाक घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 पुरानी बस्ती स्थित दादर बस्ती की है। मृतक बच्चे की पहचान अभियांस पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चा घर के आसपास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक घर से लगी बाड़ी की ओर चला गया, जहां कुआं मौजूद था।
परिजनों के मुताबिक अभियांस रोज की तरह घर में खेल रहा था। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दिया तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान उनकी नजर कुएं की ओर गई, जहां बच्चा पानी में गिरा हुआ मिला। परिजनों ने तत्काल बच्चे को कुएं से बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मासूम की मौत के बाद माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई है। मृतक अभियांस पटेल दो भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। उसके पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जी लगाने का काम करते हैं। परिवार को उम्मीद थी कि उनका बच्चा बड़ा होकर उनका सहारा बनेगा, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कुएं में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था और कुआं पूरी तरह लबालब भरा हुआ था। ऐसे में छोटे बच्चे के लिए यह खतरा बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि घरों के आसपास खुले कुएं और गड्ढों को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई है और घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि खुले कुओं और ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




.jpg)








