रात में हादसों को रोकने सड़क पर घूम रहे गौवंश को पहनाए रेडियम बेल्ट...
- ANIS LALA DANI

- 52 minutes ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
कबीरधाम :- कबीरधाम जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और वाहन चालकों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कबीरधाम पुलिस ने एक अनोखी पहल शुरू की है। सड़क पर बैठे और विचरण करने वाले गौवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चौकी पोड़ी पुलिस ने जनसहभागिता से विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत सड़क पर मौजूद गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाए गए, जिससे रात के समय वाहन चालकों को मवेशी दूर से दिखाई दे सकें।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में यातायात सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चौकी पोड़ी पुलिस ने क्षेत्र में यह विशेष पहल की। दिनांक 21 अगस्त 2026 की रात चौकी पोड़ी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ, गौसेवकों और क्षेत्र के सम्माननीय नागरिकों की संयुक्त टीम ने हाईवे रोड पर अभियान चलाया। टीम ने सड़क पर बैठे गौवंश को चिन्हित कर उनके गले में रेडियम बेल्ट पहनाए।
रात में दूर से दिखाई देंगे मवेशी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी अक्सर वाहन चालकों को कम रोशनी, बारिश या धुंध के कारण दिखाई नहीं देते। अचानक सामने आने वाले मवेशियों से वाहन टकराने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे हादसों में जहां वाहन चालक और राहगीरों की जान खतरे में पड़ती है, वहीं बेजुबान पशु भी घायल हो जाते हैं या उनकी मौत हो जाती है। रेडियम बेल्ट की खासियत यह है कि वाहन की हेडलाइट पड़ते ही यह चमकने लगता है। इससे सड़क पर मौजूद गौवंश वाहन चालक को काफी दूरी से नजर आने लगते हैं। चालक समय रहते वाहन की रफ्तार कम कर सकता है और संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है।
दुर्घटना के बाद कार्रवाई नहीं, पहले रोकथाम पर जोर पोड़ी पुलिस ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय दुर्घटना की संभावित वजहों को पहले ही खत्म करना है। पुलिस ने जनसुरक्षा के साथ पशु सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। इस अभियान में आम नागरिकों, पशुपालकों और गौसेवकों को भी जोड़ा गया है ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर सामूहिक प्रयास किया जा सके। पुलिस ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में सड़क पर न छोड़ें। सड़क पर बैठे या घूम रहे गौवंश और अन्य मवेशियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
इस जनहितकारी अभियान में वेद साहू, दीपेश साहू, जितेश निर्मलकर, लल्ला यादव, प्रमोद साहू, डॉ. गोपाल चंद्रवंशी और श्रीप्रकाश साहू सहित क्षेत्र के गौसेवकों एवं नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा। कबीरधाम पुलिस की इस पहल को सड़क सुरक्षा और पशु संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में इस तरह के जनसहभागिता वाले अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों के साथ पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।




.jpg)









