इजराइल को लड़ाई पर अल्प विराम लगाने, घेराबंदी में ढील देने का बढ़ा दबाव...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
हमास के आतंकवादियों के साथ लड़ रहे इजराइली सुरक्षा बलों ने गाजा सिटी की घेराबंदी करने के बीच युद्ध में मारे गए फलस्तीनी नागरिकों की संख्या बढ़कर 9,000 हो गई। अमेरिका और अरब के नेताओं ने इजराइल पर गाजा की घेराबंदी में ढील देने और नागरिकों की मदद के लिए कम से कम कुछ समय के लिए युद्ध में विराम देने का दबाव बढ़ाया है। हमास के भीषण हमले के करीब चार हफ्ते बाद इजराइल का हमास आतंकवादियों के खिलाफ युद्ध जारी है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने मानवीय सहायता आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए युद्ध में अल्प विराम की सलाह दी है।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन शुक्रवार को वार्ता के लिए इजराइल और जॉर्डन की यात्रा करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य फलस्तीन के लिए सहायता आपूर्ति की अनुमति और विदेशी नागरिकों एवं घायलों की निकासी का मार्ग प्रशस्त करना है। पिछले दो दिनों में करीब 800 लोग वहां से निकले हैं। इजराइल ने बाइडन के सुझाव पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन उसके प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू ने कहा कि हम आगे बढ़ रहे हैं। हमें कोई रोक नहीं सकता। नेतन्याहू ने इससे पहले संघर्ष-विराम को खारिज कर दिया था। उन्होंने गाजा पट्टी में हमास के शासन को खत्म करने का संकल्प लिया। गाजा सिटी के दक्षिण में कई मील दूर स्थित बुरीज शरणार्थी शिविर में हवाई हमले में एक आवासीय इमारत मलबे में तब्दील हो गई।
गाजा के असैन्य सुरक्षा विभाग प्रवक्ता ने कहा कि इस हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है और स्थानीय निवासियों ने कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई। अमेरिका के सहयोगियों सहित अरब देशों ने युद्ध को लेकर चिंता जताई है। जॉर्डन ने इजराइल से अपना राजदूत बुला लिया है और युद्ध रुकने तक इजराइल के राजदूत को देश से बाहर रहने को कहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिका आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि अमेरिका आम संघर्ष विराम की दिशा में बढ़ने की बात नहीं कर रहा, लेकिन कुछ समय के लिए इसमें विराम देना चाहिए। बाइडन ने कहा कि दोहरी नागरिकता वाले 74 अमेरिकी नागरिकों ने गाजा पट्टी छोड़ दी है। उन्होंने इजराइल-हमास युद्ध के संबंध में इजराइल और जॉर्डन के नेताओं के साथ परामर्श के लिए अपने शीर्ष राजनयिक को पश्चिम एशिया में भेजा है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments