बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली में दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत छह की मौत...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :- देहरादून :- उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से लौट रहे एक निजी हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई है। दुर्गम पहाड़ी और जंगली इलाके में दुर्घटनास्थल तक पहुँचने और शवों को सुरक्षित बाहर निकालने में बचाव दलों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन की ओर से सभी मृतकों के पार्थिव शरीर को सुरक्षित उनके गृह राज्य पहुँचाने और आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी करने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
बद्रीनाथ से देहरादून लौटते समय हुआ हादसा-
जानकारी के मुताबिक, निजी विमानन कंपनी 'ट्रांस भारत एविएशन' का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड की ओर रवाना हुआ था। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे। दोपहर करीब 1 बजकर 12 मिनट पर हेलीकॉप्टर ने बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी, लेकिन इसके लगभग दो मिनट बाद ही जोशीमठ घाटी के पास विमान का संपर्क रडार से टूट गया।
कुछ समय बाद चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में हाथी पर्वत के निकट चाई गाँव के पहाड़ी इलाके में हेलीकॉप्टर का मलबा मिला। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। अधिकारियों ने सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चलाया गया चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान-
दुर्घटनास्थल ऊंचाई वाले बेहद दुर्गम और जंगली इलाके में स्थित होने के कारण बचाव दलों के सामने बड़ी चुनौती पेश आई। घटनास्थल पर पहुँचने के लिए जवानों को कठिन और पथरीले रास्तों से लंबी पैदल चढ़ाई करनी पड़ी। शुक्रवार को घना अंधेरा होने और जंगल में जंगली भालू व अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी के चलते सुरक्षा कारणों से शवों को निकालने का अभियान रोकना पड़ा था।
इसके बाद शनिवार सुबह करीब 5 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू किया गया। भारतीय सेना, ITBP, NDRF, SDRF, स्थानीय पुलिस, वन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से इस अभियान में जुटीं। बचाव दलों ने पांडुकेश्वर और चाई गाँव के रास्ते शवों को सुरक्षित नीचे उतारकर जोशीमठ पहुँचाया।
मृतकों में कर्नाटक के पाँच तीर्थयात्री और पायलट शामिल-
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में हेलीकॉप्टर के पायलट और कर्नाटक के पाँच श्रद्धालु शामिल हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48) - पायलट, निवासी दिल्ली
प्रतापा (41)
अरुण सालुंके (44)
वीबी शंकर गौड़ा (39)
सुधीर के. (50)
एचएस नटराज (51)
ये सभी पाँचों यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे और बद्रीनाथ धाम की धार्मिक यात्रा पर आए थे। यात्रा संपन्न करने के बाद वे हेलीकॉप्टर से देहरादून लौट रहे थे, तभी यह अप्रत्याशित हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कर्नाटक सरकार ने उत्तराखंड प्रशासन से संपर्क साधा। मुख्यमंत्री कार्यालय और राहत आयुक्त के समन्वय से मृतकों के पार्थिव शरीर उनके स्वजनों तक पहुँचाने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
मौसम और तकनीकी खराबी दोनों पहलुओं पर होगी जाँच-
प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के पीछे खराब मौसम और कम दृश्यता (Visibility) को मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे के समय पहाड़ी क्षेत्र में मौसम खराब था और बारिश के कारण विजिबिलिटी प्रभावित हुई थी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि घटना की गहराई से जाँच के लिए मौसम और तकनीकी दोनों पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीमें भी तथ्यों की जाँच में जुटी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को विस्तृत जाँच के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर 'ट्रांस भारत एविएशन' के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। #Chamoli #Uttarakhand #Badrinath #HelicopterCrash #HelicopterAccident #RescueOperation #AviationNews #DGCA #DisasterNews #PushkarSinghDhami #BreakingADNNews






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments