नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने पल्सर बाइक भी की जब्त...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस की 'संवेदना' पहल के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
यह थी पूरी घटना -
बीती 25 सितंबर को एक पिता ने रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय बेटी रात को खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन अगली सुबह वह गायब मिली। आसपास तलाश करने पर भी उसका कुछ पता नहीं चला। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू कर दी थी।
ओडिशा से हुई बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी -
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि बालिका को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर थाना क्षेत्र स्थित रेगारपानी (भोगराकछार) निवासी परमानंद कंवर अपने साथ ले गया है। सूचना मिलते ही चौकी रैरूमाखुर्द से विशेष पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के घर से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया, हालांकि आरोपी उस वक्त भागने में सफल रहा।
महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए, जिसमें उसने खुलासा किया कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर अपनी बाइक से ओडिशा ले गया था और वहां लगातार उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं जोड़ दीं।
पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को उसके गांव के मुख्य मार्ग से ही धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 AW 1784) को जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments