सूरजपुर: जर्जर छात्रावास और घटिया भोजन से परेशान छात्राओं का फूटा गुस्सा.....
- ANIS LALA DANI

- 6 hours ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
सूरजपुर: जिले के रामानुजनगर के ग्राम भूनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की व्यवस्थाएं पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी हैं। घटिया भोजन, मूलभूत सुविधाओं के अभाव और गंभीर सुरक्षा संकट से त्रस्त आदिवासी छात्राओं का सब्र सोमवार को आखिर टूट गया। न्याय और बुनियादी अधिकारों की मांग को लेकर सैकड़ों छात्राएं भीषण धूप में रामानुजनगर-कालुवा स्टेट हाईवे पर धरने पर बैठ गईं, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
सड़क पर छलका दर्द, रो पड़ीं मासूम छात्राएं...
मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन के दौरान कई छात्राएं अपनी बदहाली बयां करते हुए फफक-फफक कर रो पड़ीं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से तय मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। परोसे जा रहे खाने में सड़े-गले चावल, खराब सब्जियां और पानी जैसी पतली दाल शामिल होती है। इसके अलावा, दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं जैसे साबुन, तेल और टूथपेस्ट महीने में केवल एक बार नाममात्र के लिए दी जाती हैं।
बालिका छात्रावास में बाहरी व्यक्ति का साया, सुरक्षा पर बड़े सवाल...
आंदोलित छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं छात्राओं का कहना है कि अधीक्षिका खुद छात्रावास से नदारद रहती हैं, और उनके स्थान पर उनका 23 वर्षीय पुत्र छात्रावास के संचालन में अनधिकृत रूप से दखल देता है। एक बालिका छात्रावास के भीतर किसी बाहरी युवक की ऐसी लगातार मौजूदगी छात्राओं की सुरक्षा, संरक्षा और निजता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
जर्जर भवन और बुनियादी सुविधाओं का अकाल…
बरसात में टपकती छत छात्रावास का मुख्य भवन और रसोईघर अत्यंत जर्जर स्थिति में है। गर्मी से बेहाल, भीषण गर्मी के बीच अधिकांश पंखे बंद पड़े हैं।
मजबूरी की नींद…
छात्राओं को सोने के लिए टूटी-फूटी चटाइयों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों और छात्र नेताओं का मिला समर्थन घटना की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीण और छात्र नेता तुरंत मौके पर पहुंचे। जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू, विक्की यादव, हुसैन अंसारी और सुमंत राजवाड़े सहित कई गणमान्य लोगों ने छात्राओं का समर्थन किया। छात्र नेता अविनाश साहू ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह मामला किसी राजनीति का नहीं, बल्कि हमारी बेटियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान से जुड़ा है। समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग की इन बालिकाओं के साथ ऐसा अमानवीय बर्ताव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा |
छात्राओं की प्रमुख मांगें अधीक्षिका का निलंबन...
अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू
हो |
अनधिकृत हस्तक्षेप पर कार्रवाई…
बालिका छात्रावास में बाहरी युवक के प्रवेश और दखल की उच्चस्तरीय जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच...
राशन पंजी, स्टॉक रजिस्टर, मेन्यू और बिल-वाउचर का तत्काल भौतिक सत्यापन हो
गुणवत्तापूर्ण सामग्री…
मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन तथा पर्याप्त बिस्तर, साबुन और तेल उपलब्ध कराया जाए |
भवन की मरम्मत…
जर्जर रसोईघर, खराब पंखों और पेयजल व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए। प्रशासनिक आश्वासन और चेतावनी मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही देर में जिला स्तरीय प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बच्चियों की मांगों पर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाकर प्रदर्शन शांत कराया।कांग्रेस नेता अविनाश साहू ने चेतावनी दी है कि यदि इस पूरी शिकायत की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्रों और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आने वाले दिनों में जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।




.jpg)










