त्योहारों की मांग और जमाखरीद से बढ़े चीनी के दाम, सप्लाई पर्याप्त...
- ANIS LALA DANI

- 25 minutes ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
नई दिल्ली :- चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है | इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) का कहना है कि अगले 7 दिनों में चीनी के दाम नरम पड़ना शुरू हो सकते हैं | एसोसिएशन के मुताबिक, देश में चीनी की कोई वास्तविक कमी नहीं है और मौजूदा स्टॉक पर्याप्त है | हाल के दिनों में चीनी की कीमत करीब ₹42 से बढ़कर ₹55 प्रति किलो तक पहुंच गई है |
ISMA के मुताबिक, चीनी की कीमतों में करीब 16% की तेजी आई है | हालांकि, एसोसिएशन का कहना है कि कीमतों में यह उछाल किसी वास्तविक सप्लाई क्राइसिस की वजह से नहीं है | इसके पीछे बाजार का सेंटीमेंट, त्योहारी सीजन में बढ़ी मांग और खरीदारी का बदलता व्यवहार प्रमुख कारण हैं |
चीनी की कीमतों में तेजी के पीछे मौसम की स्थिति का भी असर रहा है | खराब मौसम ने गन्ने की पैदावार को प्रभावित किया है | ISMA के अनुसार, महाराष्ट्र में ज्यादा क्रशिंग रेट और उत्तर प्रदेश में गन्ने की कुछ वैरायटी से जुड़ी दिक्कतों ने भी बाजार को प्रभावित किया | हालांकि, एसोसिएशन इन वजहों को चीनी की वास्तविक कमी नहीं मानता | ISMA के अध्यक्ष नीरज शिरगांवकर के मुताबिक, त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ चीनी की मांग में बढ़ोतरी हुई है | इसके अलावा ब्राजील में सप्लाई की स्थिति ने भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव बढ़ाया है |
ISMA के मुताबिक, बड़े खरीदारों ने हाल के दिनों में चीनी का अतिरिक्त स्टॉक जमा करना शुरू कर दिया | इससे बाजार में नियमित सप्लाई का सर्कुलेशन प्रभावित हुआ और आर्टिफिशियल शॉर्टेज जैसा माहौल बना | एसोसिएशन का मानना है कि जमाखरीद ने कीमतों में आई तेजी को और बढ़ा दिया |
चीनी की कीमतों में मौजूदा तेजी को लेकर एथनॉल को जिम्मेदार ठहराए जाने पर भी ISMA ने स्थिति स्पष्ट की है | एसोसिएशन का कहना है कि ₹42 से ₹55 तक की बढ़ोतरी को चीनी की कमी से जोड़ना सही नहीं है | उसके मुताबिक, देश में मौजूदा चीनी स्टॉक अब भी आरामदायक स्तर पर है | ISMA के अनुसार, अगले साल के लिए करीब 35 लाख टन चीनी का ओपनिंग स्टॉक रहने की उम्मीद है |
एसोसिएशन ने इसे पर्याप्त सप्लाई का संकेत बताया है | यानी फिलहाल उपलब्धता को लेकर किसी बड़े संकट की आशंका नहीं जताई गई है | अगर आप घर के इस्तेमाल के लिए चीनी खरीदते हैं, तो फिलहाल घबराकर ज्यादा स्टॉक जमा करने की जरूरत नहीं है | ISMA के मुताबिक, बाजार में वास्तविक कमी नहीं है और मौजूदा तेजी मुख्य रूप से बाजार के सेंटीमेंट, त्योहारी मांग और बड़े खरीदारों की अतिरिक्त खरीद से जुड़ी है |




.jpg)









