गांधी और शास्त्री जयंती पर राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित.....
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पत्रिका 'प्रयास' और पुस्तक 'तारुण्य वार्ता' का किया विमोचन, वेबसाइट का भी किया लोकार्पण...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की क़लम से:-
रायपुर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पावन जयंती पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की ओर से बूढ़ापारा स्थित बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में एक भव्य राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री और संस्था के अध्यक्ष गजेन्द्र यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने संभाली।

डिजिटल और पठन सामग्री का लोकार्पण -
समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने संगठन की त्रैमासिक पत्रिका ‘प्रयास’ का विमोचन किया। इसके साथ ही, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा यूनिसेफ के संयुक्त प्रयास से तैयार की गई पुस्तक ‘तारुण्य वार्ता’ (जो कि मासिक धर्म जैसे महत्वपूर्ण विषय पर खुलकर संवाद को प्रेरित करती है) का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम में संस्था की नई आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण करने के साथ ही विभिन्न जिलों से आए उत्कृष्ट स्काउट्स और गाइड्स को सम्मानित भी किया गया।

"सर्वधर्म समभाव और अनुशासन ही राष्ट्र निर्माण की नींव" -
मुख्य अतिथि गजेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा और लाल बहादुर शास्त्री की सादगी व कर्तव्यपरायणता के आदर्श आज भी समूचे समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि "सर्वधर्म समभाव" की संस्कृति ही हमारी पहचान है। युवा पीढ़ी को अनुशासन, सेवा और आपसी भाईचारे की भावना को अपने भीतर आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए प्रत्येक स्काउट-गाइड से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सभा की अध्यक्षता कर रही सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि देश की असल ताकत उसकी विविधता में निहित है। उन्होंने युवाओं को गांधी और शास्त्री के जीवन मूल्यों को अपने दैनिक आचरण में उतारने की प्रेरणा दी।
प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति -
कार्यक्रम के दौरान राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने सर्वधर्म समभाव का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष चंदू लाल साहू, औद्योगिक विकास निगम अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य बीज विकास निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर, राज्य केश शिल्पी बोर्ड अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास और विधायक मोती लाल साहू सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments