शादी के झांसा देकर यौन शोषण, चार माह की गर्भवती पीड़िता; 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायगढ़: जिले के खरसिया क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शादी का प्रलोभन देकर दो साल तक नाबालिग का दैहिक शोषण किए जाने का खुलासा हुआ है। पीड़िता ने खुद के चार माह से गर्भवती होने की बात कही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटू राजपूत को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
14 अक्टूबर को सामने आया मामला -
खरसिया थाना क्षेत्र की निवासी पीड़िता ने 14 अक्टूबर को पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि खरसिया के अटल आवास क्षेत्र में रहने वाले छोटू राजपूत ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और महिला विवेचक के माध्यम से पीड़िता के बयान दर्ज कराते हुए उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
सितंबर 2024 में हुई थी पहचान -
शिकायत के मुताबिक, पीड़िता और आरोपी की पहली मुलाकात सितंबर 2024 में हुई थी। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल नंबर आदान-प्रदान कर बातचीत का सिलसिला शुरू किया। 22 सितंबर 2024 को युवक उसे घूमने के बहाने खरसिया के जंगल की तरफ ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर पहली बार शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद भी विभिन्न अवसरों पर आरोपी लगातार उसका शोषण करता रहा।
पॉक्सो एक्ट और बीएनएस के तहत कार्रवाई -
घटना के शुरुआती दौर में पीड़िता नाबालिग थी, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मामले में कड़े कदम उठाए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज किया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 4 व 6 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
घर में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा -
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन और चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने वार्ड नंबर 8 स्थित अटल आवास क्षेत्र में दबिश देकर 30 वर्षीय आरोपी छोटू राजपूत (पिता शौकी लाल राजपूत) को हिरासत में लिया। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments