google.com, pub-3310156774694367, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
WhatsApp Image 2025-09-10 at 15.54_edite
ADN FILMS POSTER

BREAKING ADN NEWS

WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.31.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.10.10.jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.30 (2).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.31 (1).jpeg
WhatsApp Image 2026-09-19 at 09.46.30 (1).jpeg

सरायपाली: जगन्नाथ मंदिर निर्माण को लेकर दो गुटों में मारपीट....

Sep 2
3 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-

सरायपाली बलौदा ग्राम मुंडपहार में जगन्नाथ मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े विवाद ने अब दो पक्षों की शिकायत के बाद तूल पकड़ लिया है। एक पक्ष ने जहां मंदिर निर्माण में लगे मिस्त्री से मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सामूहिक रूप से हमला करने की शिकायत थाना बलौदा में दर्ज कराई है। ओडिशा के ग्राम भुवनेश्वरपुर निवासी सुनील बरिहा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपने साथी अमित और यशवंत के साथ ग्राम मुंडपहार में जगन्नाथ मंदिर निर्माण कार्य के लिए आया है। शिकायत के अनुसार, 30 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे नदी से नहाकर वापस लौटते समय प्रदीप साहू ने उसका रास्ता रोककर पूछताछ की। सुनील का आरोप है कि बातचीत के दौरान प्रदीप साहू ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ललित साहू और जयप्रकाश साहू भी मौके पर पहुंचे और तीनों ने मिलकर हाथ-मुक्का से मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बीच-बचाव के लिए पहुंचे सुरेंद्र साहू उर्फ बाबा और राकेश साहू के साथ भी मारपीट की गई। सुनील ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने अपनी जाति संबंधी दस्तावेज भी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही है।


दूसरे पक्ष ने तीन भाइयों से मारपीट का लगाया आरोप

वहीं, प्रफुल्ल साहू, ललित साहू और प्रदीप साहू, निवासी ग्राम मुंडपहार, ने भी थाना बलौदा में शिकायत देकर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, 31 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे खेत से घर की ओर आते समय घर के पीछे सोसायटी मार्ग पर परेश साहू निवासी सेमलिया, राकेश साहू, पंचानंद साहू, बृजेश साहू, सुरेंद्र साहू उर्फ बाबा, अभिजीत साहू उर्फ गुड्डा तथा अन्य लोगों ने रास्ता रोककर कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान लात-घूंसे और किसी कठोर वस्तु का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में प्रफुल्ल साहू के सिर और आंख के ऊपर चोट लगने तथा गले, सिर और छाती में दर्द होने की बात कही गई है। वहीं ललित और प्रदीप साहू ने गले में चोट लगने के कारण सांस लेने में परेशानी होने का आरोप लगाया है।


पुराने विवाद को लेकर भी लगाया आरोप

प्रदीप साहू की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 30 अगस्त की रात करीब 8 बजे तालाब किनारे राकेश साहू ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसके बाद सुरेंद्र साहू, पंचानंद साहू, अभिजीत साहू उर्फ गुड्डा, सुनील साहू, बृजेश साहू और हरिश साहू के मौके पर पहुंचने तथा धक्का-मुक्की कर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। दूसरे पक्ष ने पुलिस से कहा है कि दोनों घटनाओं के कारण वे भयभीत हैं और उन्हें जान का खतरा है। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


दोनों पक्षों के आरोपों की जांच करेगी पुलिस

मुंडपहार में सामने आए इस विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक ओर जहां मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े सुनील बरिहा ने मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर प्रदीप, ललित और प्रफुल्ल साहू ने अपने साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस जांच के बाद ही दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments


© 2018 by Anis lala dani. Proudly created with breakingadnnews.com

  • Subscribe Channale
bottom of page
naver-site-verification: navere8d42c0359e3e135363406d5b6093c27.html