'कांटे' और 'शूटआउट एट वडाला' जैसी फिल्मों के निर्देशक; संजय गुप्ता का 57 वर्ष की उम्र में निधन....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:- मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 'कांटे', 'जिंदा', 'मुसाफिर' और 'शूटआउट एट वडाला' जैसी कई शानदार फिल्मों का निर्देशन किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार रात वह अपने बाथरूम में गिर गए थे, लेकिन शनिवार सुबह तक किसी को इसका पता नहीं चल पाया। हालांकि, उनकी मौत की असल वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
बॉलीवुड में संजय गुप्ता का सफर
संजय गुप्ता ने साल 1994 में फिल्म 'आतिश' से बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में संजय दत्त, आदित्य पंचोली, रवीना टंडन, करिश्मा कपूर और अतुल अग्निहोत्री मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके बाद उन्होंने 'राम शास्त्र', 'हमेशा', 'जंग' और 'खौफ' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उन्हें असली पहचान साल 2002 में आई मल्टी-स्टारर फिल्म 'कांटे' से मिली। 'कांटे' में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, लकी अली, महेश मांजरेकर, कुमार गौरव, नम्रता सिंह गुजराल, रति अग्निहोत्री, रोहित रॉय, ईशा कोप्पिकर और मलाइका अरोड़ा जैसे दिग्गज कलाकार शामिल थे। यह बॉलीवुड की बेहतरीन गैंगस्टर ड्रामा फिल्मों में से एक मानी जाती है।
प्रमुख फिल्में 'कांटे' के बाद संजय गुप्ता ने 'मुसाफिर', 'जिंदा', 'शूटआउट एट वडाला', 'जज्बा', 'काबिल' और 'मुंबई सागा' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म 'द मिरांडा ब्रदर्स' थी, जो 2024 में ओटीटी पर रिलीज हुई थी।
सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि
वरिष्ठ पत्रकार तरण आदर्श ने संजय गुप्ता के निधन की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "शब्द नहीं मिल रहे... यकीन ही नहीं हो रहा कि डायरेक्टर संजय गुप्ता अब हमारे बीच नहीं रहे... कुछ दिन पहले ही उनके घर पर आयोजित 'माता की चौकी' में उनसे मुलाकात हुई थी... यह वाकई दिल तोड़ने वाला है... परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं... ओम शांति।" वहीं, कमाल आर. खान ने भी एक्स पर लिखा, "RIP संजय भाई। यकीन नहीं हो रहा कि आप चले गए। हम लगभग हर दूसरे दिन फिल्मों के बारे में बात करते थे। आपको हर चीज की इतनी गहरी जानकारी थी। भाई, मुझे आपकी हर दिन याद आएगी।"






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments