ओमान तट के पास रूसी टैंकर से तेल रिसाव, 2,000 वर्ग किमी समुद्र प्रदूषित..
- ANIS LALA DANI

- 48 minutes ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
नई दिल्ली :- ओमान के तट के पास एक तेल टैंकर फंसने के बाद समंदर में बड़ी मात्रा में कच्चा तेल फैल गया है | टैंकर में करीब 10 लाख बैरल रूसी कच्चा तेल था | समंदर में फैले तेल का दायरा करीब 2,000 वर्ग किलोमीटर तक पहुंच गया है | जिस जगह तेल फैला है, वह समुद्री जीवों के लिए अहम इलाका है | ऐसे में समंदर और वहां रहने वाले जीवों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है | यह टैंकर कैरोलिन बेजेंगी है | यह ओमान के पास काबिलियाह द्वीप के करीब फंस गया था | इसके बाद इससे तेल निकलना शुरू हुआ | सैटेलाइट तस्वीरों में समंदर के ऊपर तेल की बड़ी परत दिखाई दी है | शुरुआत में तेल का फैलाव कम था, लेकिन धीरे-धीरे यह बढ़ता गया | अब तेल ओमान के तट के कुछ हिस्सों तक भी पहुंच गया है |
रिपोर्ट के मुताबिक, टैंकर में करीब 8 लाख से 10 लाख बैरल कच्चा तेल था | यह तेल रूस के नोवोरोस्सिस्क बंदरगाह से लाया जा रहा था | इस जहाज को रूस से तेल ले जाने वाले उन जहाजों में शामिल बताया गया है, जिन पर दूसरे देशों ने पाबंदी लगा रखी है | सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक, 7 अगस्त तक करीब 800 वर्ग किलोमीटर समंदर में तेल फैल चुका था | 14 अगस्त तक यह फैलाव बढ़कर करीब 2,000 वर्ग किलोमीटर हो गया | यानी कुछ ही दिनों में तेल से प्रभावित समुद्री इलाका काफी बढ़ गया |
जिस इलाके में तेल फैला है, वहां कई तरह के समुद्री जीव रहते हैं | इनमें हंपबैक व्हेल, समुद्री कछुए और समुद्री पक्षी शामिल हैं | पानी के ऊपर फैला तेल इन जीवों के लिए खतरनाक हो सकता है | इससे उनके रहने और खाने की जगहों को भी नुकसान पहुंच सकता है | तेल अगर तट तक पहुंचता है तो रेत और समुद्र किनारे के दूसरे इलाकों को भी नुकसान हो सकता है | करीब 40 किलोमीटर लंबे तटीय इलाके पर इसका असर पड़ने की आशंका है | मसिराह द्वीप तक भी तेल पहुंचने का खतरा बताया गया है |
ओमान के पास अभी मॉनसून का मौसम है | तेज हवा और समंदर की धाराएं तेल को दूसरे इलाकों तक ले जा सकती हैं | इससे तेल का फैलाव और बढ़ सकता है | इसलिए तेल को जल्द से जल्द रोकना जरूरी है | फंसे हुए टैंकर को सुरक्षित करने और तेल को फैलने से रोकने की कोशिश की जा रही है | बचाव दल समंदर में फैले तेल को साफ करने और टैंकर से और तेल निकलने से रोकने पर काम कर रहे हैं | लेकिन समंदर की खराब स्थिति के कारण यह काम आसान नहीं है | अभी सबसे बड़ा काम टैंकर को सुरक्षित करना और तेल को आगे फैलने से रोकना है | अगर तेल का रिसाव जारी रहा तो ओमान के समंदर और तटीय इलाकों को और नुकसान हो सकता है |




.jpg)










