धर्मांतरण के आरोप पर बवाल: प्रार्थना सभा को लेकर हिंदू संगठन और भीम आर्मी भिड़े...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी में रविवार को धर्मांतरण के शक में भारी हंगामा देखने को मिला। नेशनल हाईवे से लगे टिकरापारा इलाके में एक मकान के भीतर चल रही प्रार्थना सभा अचानक विवाद का अखाड़ा बन गई। धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सभा का कड़ा विरोध किया। हालात तब और तनावपूर्ण हो गए जब मौके पर भीम आर्मी के सदस्य भी पहुंच गए और दोनों गुटों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और नारेबाजी हुई।
हनुमान चालीसा का पाठ और आमने-सामने आए दो गुट -
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को टिकरापारा के एक घर में करीब 30-40 लोग प्रार्थना सभा के लिए इकट्ठा हुए थे। इसकी भनक लगते ही हिंदू संगठन के लोग वहां पहुंच गए और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए सभा का कड़ा विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने सभा बंद कराने की मांग की और वहीं बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।
इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा होने लगी। कुछ ही देर में भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए। भीम आर्मी का तर्क था कि किसी भी व्यक्ति को मंदिर, मस्जिद या चर्च में जाने की पूरी आज़ादी है और इसके लिए धर्म बदलने या किसी से अनुमति लेने की कोई जरूरत नहीं है।
5 घंटे तक चला विरोध, पुलिस ने कराया शांत -
दोनों संगठनों के विचार टकराने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दोनों गुटों की ओर से जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई और नौबत धक्का-मुक्की तक आ पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। हिंदू संगठनों का यह विरोध प्रदर्शन लगभग 5 घंटे तक चला।
शांति समिति की बैठक के नियमों के उल्लंघन का आरोप -
हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधि दीपक ठाकुर ने बताया कि कुछ समय पूर्व प्रशासन की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें क्रिश्चियन फोरम और हिंदू संगठनों की सहमति से यह तय हुआ था कि ईसाई प्रार्थना सभाओं में केवल ईसाई समुदाय के लोग ही शिरकत करेंगे। यदि कोई अन्य धर्म का व्यक्ति इसमें शामिल होना चाहता है, तो उसे पहले विधिवत बपतिस्मा लेकर ईसाई धर्म अपनाना होगा।
दीपक ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार की सभा में बड़ी संख्या में ऐसे गैर-ईसाई लोग शामिल थे, जो असल में धर्म परिवर्तन कर चुके हैं, लेकिन सरकारी सुविधाओं और आरक्षण का लाभ उठाने के लिए दस्तावेजों में खुद को हिंदू बताते हैं।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments