अवैध नशे के खिलाफ सख्त रायगढ़ पुलिस: 4 ठिकानों पर छापेमारी.....
- ANIS LALA DANI

- 1 hour ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
रायगढ़ जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम धनागर, कुरमापाली और कलमी में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब के साथ उसे बनाने और रखने में इस्तेमाल गैस सिलेंडर, चूल्हा, प्लास्टिक डिब्बे, जरिकेन, बाल्टी और अन्य सामग्री भी जब्त की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में 16 अगस्त 2026 को यह कार्रवाई की गई। एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। सभी छह आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई कर उन्हें रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक पहली कार्रवाई ग्राम धनागर में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल अपने घर के आंगन में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। उसके कब्जे से अलग-अलग प्लास्टिक डिब्बों और जरिकेन में रखी 100 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
दूसरी कार्रवाई ग्राम कुरमापाली में हुई। पुलिस ने शिव रजवार को पकड़कर उसके कब्जे से प्लास्टिक जरिकेन और पन्नी में रखी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। तीसरी बड़ी कार्रवाई ग्राम कलमी में की गई। यहां पुलिस को तरुण सतनामी और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी द्वारा अवैध महुआ शराब तैयार कर बिक्री के लिए रखने की सूचना मिली थी। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ा। तरुण सतनामी से 50 लीटर और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी से 90 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। दोनों से कुल 140 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।
कलमी में ही चौथी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे को पकड़ा। पुलिस के अनुसार अमन सतनामी के कब्जे से 85 लीटर और तोषराम जोल्हे के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। दोनों आरोपियों से कुल 135 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 13 हजार 500 रुपये बताई गई है। चारों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 395 लीटर महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 53 हजार 500 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर,
चूल्हे और अन्य सामान को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल, शिव रजवार, तरुण सतनामी, लक्ष्मी प्रसाद सतनामी, अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे को गिरफ्तार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय सहित कोतरारोड़ पुलिस के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




.jpg)










