एक साल पुराने मर्डर मिस्ट्री का पुलिस ने किया पर्दाफाश, शराब में जहर मिलाकर की थी हत्या...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
जांजगीर-चांपा: जिले की नैला चौकी पुलिस ने एक साल से अनसुलझे हत्या के एक गंभीर मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शराब में कीटनाशक जहर मिलाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और मार्गदर्शन में गंभीर अपराधों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने महीनों पुरानी इस गुत्थी को सुलझाने में सफलता हासिल की है।
जानिए क्या था पूरा मामला -
घटना 22 मई 2025 की है। हाथीटिकरा (चौकी नैला) निवासी 55 वर्षीय रामायण सूर्यवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि घटना की शाम रामायण अपनी पत्नी और बेटी के साथ किराना दुकान पर था। तभी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू वहां पहुंचा और उसे शराब पिलाने का झांसा देकर अपने तीन पहिया स्कूटर पर बैठाकर पास ही स्थित एक ईंट भट्ठे के पास ले गया।
ऐसे रची गई थी खौफनाक साजिश -
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी पहले से ही जान से मारने की नीरयत से योजना बनाकर आया था। उसने अंग्रेजी शराब में चुपके से कीटनाशक मिला दिया और मृतक को पिला दिया। कुछ ही देर में रामायण की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को इसकी भनक लगी तो वे मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी तब तक वहां से फरार हो चुका था। गंभीर हालत में पीड़ित को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
FSL रिपोर्ट से खुला राज -
शव के पोस्टमार्टम के दौरान बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए एफएसएल (FSL) बिलासपुर भेजा गया था। रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल -
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी सुरेन्द्र साहू (पिता लखन लाल, निवासी बजरंग चौक, हाथीटिकरा) को धर दबोचा। पूछताछ के बाद घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments