सिंघोड़ा चौक पर पुलिस की दबिश: अवैध डीजल बेचते 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार, FIR दर्ज....
- ANIS LALA DANI

- 2 days ago
- 1 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
सिंघोड़ा। पुलिस ने ग्राम सिंघोड़ा चौक में एक दुकान पर कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज और सुरक्षा इंतजाम के रखे गए 60 लीटर डीजल को जब्त किया है। पुलिस ने मामले में दुकान संचालक रामेश्वर मिरी (21 वर्ष), पिता सुदाम मिरी, निवासी ग्राम एवं थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिंघोड़ा में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक राकेश दिव्य को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिंघोड़ा चौक स्थित रामेश्वर मिरी की दुकान में ज्वलनशील पदार्थ डीजल बिना सुरक्षा प्रबंध के रखा गया है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गवाह कैलाश मिरी एवं महेश मिरी को साथ लेकर मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, दुकान की तलाशी के दौरान 20-20 लीटर क्षमता के दो सफेद जरिकेन में 20-20 लीटर डीजल तथा 20 लीटर क्षमता की एक पानी की जार में 20 लीटर डीजल मिला। इस तरह कुल 60 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 6,000 रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त किया गया।
FIR में उल्लेख है कि जिस स्थान पर डीजल रखा गया था, वहां ज्वलनशील पदार्थ के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम और अग्निशमन उपकरण (फायर सेफ्टी उपकरण) उपलब्ध नहीं थे। पुलिस द्वारा डीजल रखने एवं भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए BNSS की धारा 94 के तहत नोटिस दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने पास कोई वैध कागजात या लाइसेंस नहीं होना लिखित में बताया।




.jpg)










