ऑनलाइन आवेदन हुआ अनिवार्य: शिक्षा विभाग में शिक्षकों को छुट्टी लेने का ऑफलाइन सिस्टम पूरी तरह बैन.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:- रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में अब जुगाड़ से छुट्टी लेने का सिस्टम पूरी तरह खत्म हो गया है। अब कोई भी अधिकारी, शिक्षक या बाबू कागज पर एप्लीकेशन लिखकर छुट्टी नहीं ले पाएगा। इसके लिए उन्हें अनिवार्य रूप से HRIMS पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने 23 अक्टूबर को इसको लेकर कड़ा आदेश जारी किया है। आदेश में साफ कहा गया है कि अब ऑफलाइन अवकाश आवेदन पूरी तरह से बंद होंगे। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को इसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
जून में ही जारी हुआ था आदेश
दरअसल, विभाग ने जून 2026 में ही सभी जिलों को निर्देश दिया था कि छुट्टी का आवेदन और उसकी मंजूरी दोनों ऑनलाइन ही होंगी। लेकिन, कई जिलों में इस आदेश को गंभीरता से नहीं लिया गया। शिक्षक आज भी कागज पर आवेदन दे रहे थे और DEO-BEO भी उस पर हस्ताक्षर करके छुट्टी पास कर रहे थे। जब इसकी जानकारी DPI तक पहुंची, तो संचालनालय ने दोबारा और इस बार सख्त लहजे में आदेश जारी कर दिया। नए आदेश में कहा गया है कि जिला और ब्लॉक स्तर पर किसी भी हालत में ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अगर किसी अधिकारी ने ऑफलाइन आवेदन पर छुट्टी मंजूर की, तो वह मंजूरी अमान्य मानी जाएगी।
क्या बदला है नए आदेश में?
पहले ऑनलाइन व्यवस्था तो शुरू कर दी गई थी, लेकिन साथ में ऑफलाइन का विकल्प भी खुला रखा गया था, जिसका फायदा अधिकारी उठा रहे थे। अब नए आदेश में ऑफलाइन सिस्टम को पूरी तरह से बैन कर दिया गया है। अब सिर्फ HRIMS पोर्टल पर प्रक्रिया के तहत ली गई छुट्टी ही मान्य होगी।
शिक्षक संघ ने जताई आपत्ति
वहीं, इस नए फरमान के बाद शिक्षक संगठनों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा का कहना है कि पोर्टल में अक्सर तकनीकी दिक्कतें आती हैं। कई बार नेटवर्क न होने के कारण आवेदन अपलोड नहीं हो पाता और वह अधिकारियों तक नहीं पहुंच पाता है, जिससे शिक्षकों को परेशानी होती है। इसलिए ऑफलाइन का विकल्प भी साथ में खुला रहना चाहिए।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments