महीने की पहली तारीख को थाने पहुंचे निगरानीशुदा और गुंडा बदमाश, सीएसपी ने दी सख्त चेतावनी....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायगढ़: आगामी त्योहारों और विशेषकर नवरात्रि के पावन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रायगढ़ पुलिस ने कमर कस ली है। इसी क्रम में शहर के आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों, निगरानीशुदा बदमाशों और पूर्व में विवादों में रहे लोगों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत महीने की पहली तारीख को शहर के कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थानों में ऐसे तत्वों की परेड कराई गई, जहां उन्होंने पहुंचकर अपनी हाजिरी दर्ज कराई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी संदिग्धों से उनके रोजगार, वर्तमान गतिविधियों और जीवन-यापन के साधनों का ब्यौरा लिया। पुलिस ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिया कि सभी लोग कानून के दायरे में रहें और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि से दूर दूरी बनाकर जीवन बिताएं।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर, सीएसपी की दो टूक चेतावनी -
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राहुल उईके ने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि आगामी पर्वों पर आयोजित होने वाले गरबा, डांडिया और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और बच्चियां शामिल होती हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है।
सीएसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी उपद्रवी द्वारा आयोजनों के दौरान महिलाओं से छेड़खानी, अभद्रता, छींटाकशी या किसी भी प्रकार का विवाद करने की कोशिश की गई, तो पुलिस किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरतेगी। अब केवल समझाइश का दौर खत्म हो चुका है, और शिकायत मिलते ही सीधे सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
पुलिस की पैनी नजर और आगे की रणनीति -
पुलिस प्रशासन का यह मानना है कि इस प्रकार की अनिवार्य मासिक हाजिरी से पुराने अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बना रहता है और उनकी हर गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सकती है। त्योहारी सीजन के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए शहर में कोई जगह नहीं होगी। साथ ही, यदि किसी जरूरतमंद को रोजगार या वैध आजीविका में कोई वास्तविक समस्या है, तो पुलिस हरसंभव सहयोग का प्रयास भी करेगी।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments