वन महोत्सव पर मंत्री केदार कश्यप ने किया पौधारोपण, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश...
- ANIS LALA DANI

- 2 days ago
- 1 min read
हरित छत्तीसगढ़ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने निःशुल्क पौधा वितरण वाहन को दिखाई हरी झंडी

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से -
कोंडागांव - वन महोत्सव के अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने आज गोलावंड स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने हरित छत्तीसगढ़ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निःशुल्क पौधा वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक यदि अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो छत्तीसगढ़ को और अधिक हराभरा एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए जनभागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से निःशुल्क पौधा वितरण वाहन के माध्यम से प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक पौधे पहुंचाए जाएंगे, ताकि प्रत्येक परिवार पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ सके।

केदार कश्यप ने विद्यार्थियों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित जीवन प्रदान करेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।






.jpg)







