सोनभद्र में बड़ी कार्रवाई: काजू के छिलकों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 60 किलो गांजा जब्त...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। ओडिशा से उत्तर प्रदेश के एटा जिले की ओर जा रहे एक आयशर कैंटर वाहन से पुलिस ने 60 किलो 525 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए काजू के छिलकों की बोरियों की आड़ में इस अवैध सामग्री को छिपा रखा था।
चुर्क-पुलिस लाइन मार्ग पर हुई घेराबंदी -
खुफिया विभाग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर एएनटीएफ मेरठ, स्थानीय राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मिलकर यह कार्रवाई की। सोमवार की रात चुर्क-पुलिस लाइन मार्ग मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में आ रहे इस कैंटर को रोका गया। वाहन की बारीकी से तलाशी लेने पर काजू के छिलकों के बीच छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से एटा तक फैला है नेटवर्क -
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार किए गए वाहन चालक की पहचान ऋषि कुमार यादव (निवासी किशनपुर, थाना कोतवाली देहात, जिला एटा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से लोड की गई थी और इसे एटा पहुंचाया जाना था।
प्रशासन का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की आवाजाही यह दर्शाती है कि इसके पीछे एक अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस अब वाहन मालिक, गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सरगना और एटा में इसे रिसीव करने वाले संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत होगी सख्त कार्रवाई -
कमर्शियल मात्रा में मादक पदार्थ पकड़े जाने के कारण आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की कड़े प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब करने के लिए दस्तावेजों और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है, ताकि अवैध तस्करी के इस पूरे खेल का पर्दाफाश किया जा सके।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments