फाइनेंसर की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा, नाबालिग मास्टरमाइंड सहित 3 गिरफ्तार...
- ANIS LALA DANI

- 16 minutes ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर :- अभनपुर थाना क्षेत्र के मानिकचौरी गांव में हुई फाइनेंसर देवाराम साहू की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान वेदप्रकाश ध्रुव और छविराम जांगड़े के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नाबालिग को इस हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। आरोप है कि महज एक हजार रुपये लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मानिकचौरी गांव में देवाराम साहू का शव संदिग्ध हालत में मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक निरीक्षण में मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि मृतक देवाराम साहू जुए की फड़ में रुपये फाइनेंस करने का काम करता था। इसी वजह से उसका कई लोगों से संपर्क था। पुलिस ने उसकी गतिविधियों, परिचितों और वारदात से पहले उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग, वेदप्रकाश ध्रुव और छविराम जांगड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में हत्या से जुड़े अहम तथ्य सामने आए। प्रारंभिक जांच में दावा किया गया है कि नाबालिग ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर देवाराम साहू से लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों को उम्मीद थी कि उसके पास बड़ी रकम होगी। वारदात के दौरान नाबालिग ने कथित तौर पर देवाराम साहू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने देवाराम साहू के पास मौजूद रुपये लूट लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के हाथ केवल एक हजार रुपये लगे। इतनी मामूली रकम के लिए हत्या किए जाने की बात सामने आने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी नशे के आदी हैं। हालांकि वारदात के समय वे नशे में थे या नहीं, इस संबंध में विस्तृत जानकारी पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद सामने आएगी। पुलिस इस मामले में हत्या में इस्तेमाल चाकू, लूटी गई रकम और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के संबंध में कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की वारदात में अलग-अलग भूमिका की भी जांच की जा रही है।
नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी, जबकि दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारी आज शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्याकांड का विस्तृत खुलासा करेंगे। इसमें हत्या की पूरी योजना, आरोपियों की भूमिका, वारदात का क्रम और बरामद सामान के संबंध में आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।




.jpg)










Comments