कबीरधाम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 18 किलो गांजा और 2 लग्जरी कारों के साथ 4 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
कबीरधाम: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन जांच कर रही है। इसी कड़ी में 26 सितंबर को चिल्फी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर वाहन चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस ने दो अलग-अलग वाहनों से कुल 18 किलो 460 ग्राम गांजा बरामद कर मध्य प्रदेश के 4 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम एनएच-30 मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आगे-पीछे चल रहे दो वाहनों को रोका गया। पहली कार (वरना क्रमांक DL 4C AQ 0755) की तलाशी लेने पर उसमें से 12 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में कार सवार आरोपियों ने अपना नाम रविराज सिंह परिहार (19 वर्ष) और सौरभ सिंह बुंदेला (22 वर्ष) बताया। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के निवासी हैं। आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के नुआपाड़ा से मध्य प्रदेश के पन्ना ले जा रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने पीछे आ रही एक बिना नंबर की नई मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स (Fronx) को रोककर जांच की। इस वाहन की तलाशी में 5 किलो 700 ग्राम गांजा मिला। कार में सवार जोगेन्द्र राजा (25 वर्ष) और केशव राजा (22 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जो पन्ना, मध्य प्रदेश के ही रहने वाले हैं।
22 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त -
इस कार्रवाई में तस्करों के पास से बरामद 18 किलो 460 ग्राम गांजे की अनुमानित कीमत 9 लाख 23 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वरना कार (कीमत 5 लाख रुपये), मारुति फ्रॉन्क्स (कीमत 8 लाख रुपये) और 4 मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा कुल 22 लाख 53 हजार रुपये का मशरूका (माल) जब्त किया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज -
चिल्फी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 20(B) एन.डी.पी.एस. (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए कबीरधाम की ए.एन.टी.एफ. (ANTF) टीम द्वारा आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
इस अहम कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक नरेन नेताम, आरक्षक अमन वाहने, सुनील मरावी, पंकज यादव, जितेन्द्र चन्द्रवंशी व अन्य थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)











Comments