पुलिस का बड़ा एक्शन, 20 पेटी अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार...
- ANIS LALA DANI

- 1 hour ago
- 3 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
मोहला-मानपुर :- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटनखास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महाराष्ट्र की ओर से लाई जा रही मध्यप्रदेश निर्मित अवैध शराब की 20 पेटी बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 198 बल्क लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश और भूमिका की जांच जारी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को चौकी पाटनखास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार क्रमांक MH31DX3100 में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर महाराष्ट्र की ओर से ग्राम बंजारी की तरफ लाई जा रही है। सूचना मिलते ही चौकी पाटनखास प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बोरी-बंजारी मार्ग पर महुआ झाड़ के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम संदिग्ध वाहन के आने का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार सफेद रंग की कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
198 बल्क लीटर शराब बरामद वाहन से पुलिस ने मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की और बटवाइजर बीयर की कुल 198 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। बरामद शराब कुल 20 पेटियों में रखी हुई थी। इनमें 14 पेटी गोवा व्हिस्की और 6 पेटी बटवाइजर बीयर शामिल हैं। FIR में बरामद शराब को मध्यप्रदेश निर्मित दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब की कीमत 1 लाख 23 हजार 300 रुपये आंकी है। कार और मोबाइल समेत 5.33 लाख का माल जब्त अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ARIA कार क्रमांक MH31DX3100 को भी पुलिस ने जब्त किया है। कार की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। इस तरह पुलिस ने शराब, कार और मोबाइल समेत कुल 5 लाख 33 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
कार चालक गिरफ्तार पुलिस ने मौके से कार चालक स्वप्निल रहिले, पिता रामदास रहिले, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम देवरी, थाना देवरी, जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को अवैध शराब के परिवहन और तस्करी में अन्य लोगों की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात कही गई है। पुलिस अब प्राप्त जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान और पतासाजी में जुटी है। आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज मामले में थाना/चौकी पाटनखास, थाना अंबागढ़ चौकी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाली जानकारी के आधार पर अवैध शराब की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी। यदि उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अंबागढ़ चौकी नेहा पवार के मार्गदर्शन में की गई।
चौकी पाटनखास प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल जानकारी देने की अपील भी की है। इस कार्रवाई से शराब तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संकेत मिला है।




.jpg)










