सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 किलो गांजे के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सरसीवां पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) की संयुक्त टीम ने ओडिशा से आ रही गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ते हुए 40 किलो गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल -
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चल रहा था। इसी बीच सूचना मिली कि ओडिशा के रास्ते भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने सरसीवां थाना क्षेत्र के ग्राम गाताडीह-गोपालपुर रोड पर घेराबंदी की।
KTM से कर रहे थे रास्ते की रेकी -
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रोका। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 40 पैकेटों में भरा कुल 40 किलो गांजा बरामद हुआ। कार में सवार टुकेश्वर यादव (22) और गणेश राम यादव (21) को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ और जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए एक फुलप्रूफ योजना बनाई थी। कार के आगे-आगे एक KTM मोटरसाइकिल चल रही थी, जो रास्ते की निगरानी (पायलेटिंग) कर रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बाइक सवार भावेश साहू और विनोद यादव को भी पकड़ लिया। ये चारों आरोपी पामगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबर-सरसीवां मार्ग से होते हुए खेप पामगढ़ ले जा रहे थे।
बरामदगी: 40 किलो गांजा, एक होंडा सिटी कार, एक KTM स्पोर्ट्स बाइक और 3 मोबाइल फोन जब्त।
कुल कीमत: जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 28 लाख 60 हजार रुपये।
तस्करी का तरीका: ओडिशा से पामगढ़ (छत्तीसगढ़) ला रहे थे खेप, पुलिस से बचने के लिए KTM बाइक से की जा रही थी कार की पायलेटिंग।
24 घंटे में दो बड़ी कार्रवाइयां -
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने पिछले 24 घंटों में सरिया और सरसीवां थाना क्षेत्रों में गांजा तस्करी के दो बड़े मामलों का भंडाफोड़ किया है। इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 50.761 किलो गांजा, दो कार, एक KTM बाइक और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दोनों मामलों में जब्त संपत्तियों की कुल कीमत 36 लाख 49 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।





.jpg)








Comments