रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: लालपुर ओवरब्रिज के पास 9 लाख का गांजा जब्त.....

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लालपुर ओवरब्रिज के पास से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 16 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी -
13 सितंबर 2026 को ANTF को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के पास दो संदिग्ध युवक बैग में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहे हैं। इस सटीक सूचना के बाद, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को धर दबोचा।
ओडिशा से लाई जा रही थी खेप -
तलाशी के दौरान युवकों के बैग से भारी मात्रा में गांजा मिला। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मंगल हरिजन (19) और भीमराज तांडी (23) के रूप में बताई। दोनों आरोपी ओडिशा के नुआपाड़ा जिले (थाना बुढ़ेन, ग्राम सालेकेला) के मूल निवासी हैं। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जब्ती: 18.330 किलो गांजा और 2 मोबाइल (कुल कीमत लगभग ₹9.36 लाख)
आरोपी: ओडिशा के नुआपाड़ा निवासी मंगल हरिजन (19) और भीमराज तांडी (23)
कार्रवाई: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और टिकरापारा पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन
आगे की जांच और नेटवर्क की तलाश -
टिकरापारा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 852/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से लाई गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप रायपुर में किसे डिलीवर की जानी थी और इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के पीछे मुख्य सप्लायर कौन है। संलिप्तता पाए जाने पर अन्य लोगों पर भी जल्द गाज गिर सकती है।





.jpg)








Comments